रायपुर 20 जून  (आरएनएस)। दूरस्थ और नक्सल प्रभावित दंतेवाड़ा जिले में महिलाओं को रोजगार और आय का जरिया उपलब्ध कराने के लिए शुरू की गई नवा गारमेण्ट फैक्ट्री डेनेक्स से सैकड़ों महिलाओं आत्मनिर्भर बन रही है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आज विकास कार्याें के लोकार्पण-भूमिपूजन के वर्चुअल कार्यक्रम में नवा दंतेवाड़ा गारमेंट फैक्ट्री डेनेक्स की दूसरी यूनिट का बारसूर में लोकार्पण किया और दंतेवाड़ा डेनेक्स फैक्ट्री से सफेद अमचुर की पहली खेप और एक करोड़ 20 लाख रूपए के रेडीमेट वस्त्रों की खेप बैंगलोर के लिए रवाना की।
मुख्यमंत्री ने इस मौके पर डेनेक्स फैक्ट्री में काम करने वाली महिलाओं से वर्चुअल चर्चा की। मुख्यमंत्री ने इन महिलाओं के हौसले की तारीफ की। दंतेवाड़ा जिले में रहने वाली श्रीमती अंजू यादव ने आज मुख्यमंत्री को बताया कि उनके गांव हारम में 31 जनवरी 2021  को नवा गारमेण्ट फैक्ट्री डेनेक्स का उद्घाटन हुआ था। जहां उन्हें ट्रेनिंग उपरांत काम मिला।   अंजू यादव ने बताया कि इससे पहले वे घर पर ही सिलाई का कार्य करती थी। महीने में मात्र 2 हजार ही बड़ी मुश्किल से कमा पाती थी। अब फैक्ट्री खुलने से जहां एक ओर उन्हें हर महिने 7000 रूपये की आमदनी प्राप्त हो रही है। दूसरी ओर वे गारमेण्ट फैक्ट्री में नई डिजाईन के सूट, प्लाजो, शर्ट, पेंट, जैकेट एवं अन्य सभी प्रकार के वस्त्र तैयार कर अपना हुनर भी बढ़ा रही हैं। फैक्ट्री द्वारा कपड़े सिलाई कर अब तक 3 करोड़ 50 लाख के कपड़े तैयार कर बैंगलोर भेजा गया है जिससे इस फैक्ट्री में काम कर रही महिलाओं की आर्थिक स्थिति में सुधार हुआ है।