शान से लहराया तिरंगा: मुख्यमंत्री ने रायपुर के पुलिस परेड ग्राउण्ड में किया ध्वजारोहण

रायपुर, 15  अगस्त (आरएनएस)। मुख्यमंत्री  भूपेश बघेल ने 73वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आज राजधानी रायपुर के पुलिस परेड ग्राउण्ड में आयोजित राज्य स्तरीय मुख्य समारोह में राष्ट्रीय ध्वज फहराया और परेड की सलामी ली। मुख्यमंत्री ने आम जनता के नाम अपने संदेश का वाचन किया। इस दौरान उन्होंने परेड का निरीक्षण किया और हर्षोल्लास के प्रतीक स्वरूप रंग-बिरंगे गुब्बारें आकाश में छोड़े। सशस्त्र बलों के द्वारा इस अवसर पर हर्ष फायर किया गया। मुख्यमंत्री ने समारोह में परेड और सांस्कृतिक कार्यक्रम में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वालों को पुरस्कृत किया।   मुख्यमंत्री ने समारोह में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी डॉ. महादेव प्रसाद पाण्डेय को शाल श्रीफल से सम्मानित किया। समारोह में परेड कमांडर जितेन्द्र शुक्ला के नेतृत्व में सशस्त्र बलों और एनसीसी, स्काउंट, गाईड, एनएसएस, अश्वरोही दल और अतिथि के तौर पर शामिल आंध्रप्रदेश स्पेशल पुलिस एवं अन्य बटालियनों द्वारा आकर्षक मार्च फास्ट किया गया। समारोह में उत्कृष्ट परेड के लिए केन्द्रीय बल के अंतर्गत पहला पुरस्कार केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल, दूसरा पुरस्कार सीमा सुरक्षा बल और तीसरा पुरस्कार केन्द्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल को मिला। इसी तरह राज्य सुरक्षा बल के अंतर्गत पहला पुरस्कार छत्तीसगढ़ सशस्त्र महिला बल, दूसरा पुरस्कार अतिथि के तौर पर शामिल आंध्रप्रदेश स्पेशल पुलिस और तीसरा पुरस्कार छत्तीसगढ़ सशस्त्र पुरूष बल को मिला। जुनियर विंग में पहला पुरस्कार एनसीसी सीनियर गर्ल्स, दूसरा पुरस्कार एनसीसी सीनियर बॉयस और तीसरा पुरस्कार एनसीसी नेवल यूनिट को मिला।

Add a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »