हसदेव अमृत नाम से बिकेगा गौठानों में बना जैविक खाद, विक्रय केन्द्र का शुभारंभ

कोरबा 22 जून (आरएनएस)। नरवा, गरूवा, घुरवा, बाड़ी विकास कार्यक्रम के तहत जिले में बने गौठानों और गांव के घुरवों की जैविक खाद हसदेव अमृत ब्रांड नाम से बिकेगी। गोबर और कचरे से बनी कोरबा जिले की इस खाद को जैविक खाद के बाजार में नई पहचान मिलेगी। खाद के उत्पादक स्व-सहायता समूहों और ग्रामीणों को खाद की बिक्री से फायदा होगा और उनकी आर्थिक स्थिति भी सुधरेगी। इसी कड़ी में कलेक्टर ने जिला पंचायत परिसर में स्थित बिहान काम्पलेक्स में जैविक खाद विक्रय केंद्र का शुभारंभ किया। यमुना महिला स्व-सहायता समूह द्वारा संचालित होने वाली इस आउटलेट में जिले के गौठानों में तैयार होने वाले जैविक खाद हसदेव अमृत को व्यवसायिक रूप में विक्रय किया जायेगा। इस अवसर पर जिला पंचायत उपाध्यक्ष अजय जायसवाल और मुख्य कार्यपालन अधिकारी  इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल भी उपस्थित रहे। विक्रय केंद्र के शुभारंभ अवसर पर स्वसहायता समूहों को पांच-पांच हजार रूपये की सहायता भी दी गई। कलेक्टर ने बताया कि फसलों और पौधों के लिए अमृत खाद, अमृत की तरह लाभकारी सिद्व होगा। अमृत खाद के विभिन्न उत्पादों को खरीदने वालों को एक पौधा नि:शुल्क उपहार स्वरुप दिया जाएगा।

Add a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »