सीए प्रोफेशनल के रूप में महिलाओं की हो ज्यादा सहभागिता : आनंदीबेन पटेल

रायपुर, 01 जून (आरएनएस)। मध्यप्रदेश एवं छत्तीसगढ़ की राज्यपाल श्रीमती आंनदीबेन पटेल आज बिलासपुर में आयोजित द इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट ऑफ इंडिया, बिलासपुर ब्रांच चार्टर्ड अकाउंटेंट के राष्ट्रीय सम्मेलन में शामिल हुई। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि देश की अर्थव्यवस्था में चार्टड अकाउंटेंट प्रोफेशनल का बहुत ही अहम योगदान रहता है। यदि सीए के क्षेत्र में ज्यादा से ज्यादा महिलाओं की सहभागिता होनी चाहिये। घर की छोटी से छोटी बातों का ध्यान महिलाएं बहुत बेहतर ढंग से रखती है। देश की वित्त मंत्री भी महिला है। उम्मीद है सीए के क्षेत्र में महिलाएं अपना नाम करेंगी। काफी हर्ष का विषय है कि न्यायधानी बिलासपुर में इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट ऑफ इंडिया (आईसीएआई) के द्वारा राष्ट्रीय स्तर की कार्यशाला का आयोजन किया जा रहा है। जैसा की मुझे बताया गया है कि आईसीएआई के द्वारा अपने चार्टर्ड अकाउंटेंट सदस्यों के लिये कंटीनुअस प्रोफेशनल एजुकेशन (सीपीई) के नियम निर्धारित किये गये हैं। जिसके तहत सदस्यों को इस तरह के सेमीनार, कान्फ्रेंस एवं वर्कशॉप्स अटेंड करने होते है। जिससे वे स्वयं को विभिन्न कानूनों में समय-समय पर हो रहे परिवर्तनों के प्रति अपडेट रख सके एवं साथ ही राज्य एवं केन्द्र सरकार द्वारा लागू किये जाने वाले नए कानूनों के प्रति जागरूक रह सके। यह काफी प्रशंसनीय कदम है। कोई बड़ी या छोटी व्यापारिक संस्थान, यहां तक आजकल शासकीय संस्थानों में भी चार्टर्ड अकाउंटेंट की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। सीए बेहद चुनौतीपूर्ण एवं संभावनाओं से भरा प्रोफेशन है। विभिन्न प्रकार के वित्तीय गतिविधियों में चार्टर्ड अकाउंटेंट की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। संस्था को महत्वपूर्ण आर्थिक विषयों पर सलाह प्रदान करते हैं। वर्तमान परिप्रेक्ष्य में इन्हें यदि आर्थिक मार्गदर्शक की उपमा भी दी जाए तो वह अतिश्योक्ति नहीं होगी।
किसी भी देश में अर्थव्यवस्था का ही सबसे महत्वपूर्ण स्थान होता है। देश को आय की प्राप्ति विभिन्न स्त्रोतों से मिलने वाले राजस्व जैसे आयकर, विक्रय कर या अन्य करों के माध्यम से प्राप्त होती है। कराधान का महत्व प्राचीन समय से है। कौटिल्य ने भी इसे किसी राज्य के लिये सबसे महत्वपूर्ण माना था। व्यापारिक संस्थाओं से लेकर आम नागरिक कर संबंधित विषयों में चार्टड अकाउंटेंट की मदद अवश्य लेते हैं। आप लोग देश को अधिक से अधिक करों की प्राप्ति करने में सहयोग प्रदान करते है और राष्ट्र के आर्थिक प्रगति में अपना महत्वपूर्ण योगदान भी देते हैं। हमारा देश विश्व की उभरती हुई अर्थव्यवस्थाओं में से एक है। हमारे देश की अर्थव्यवस्था को मजबूती प्रदान करने में एकाउंटेंसी (लेखांकन) की महत्वपूर्ण भूमिका है। मेरा यह मानना है कि किसी भी देश में आर्थिक विकास में सशक्त एकाउंटेंसी (लेखांकन तथा अंकेक्षण) एक आधारभूत बुनियाद की तरह है।

Add a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »