तटीय इलाके से निकाले जाएंगे 8 लाख लोग, 103 ट्रेनें रद्द

नई दिल्ली ,02 मई (आरएनएस)। बंगाल की खाड़ी में उमड़ रहा चक्रवाती तूफान फानी विकराल होता जा रहा है। बंगाल की खाड़ी के ऊपर 200 किमी/प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल रही हैं। इसे लेकर ओडिशा, तमिलनाडु और आंध्र प्रदेश में हाई अलर्ट जारी किया गया है। अनुमान के अनुसार, चक्रवात फानी ओडिशा तट तक 3 मई तक पहुंचेगा।

इस चक्रवाती तूफान फानी के मद्देनजर ईस्ट कोस्ट रेलवे ने ओडिशा में 103 ट्रेनों को रद्द कर दिया है। भीषण चक्रवाती तूफान की वजह से यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए ट्रनों को रद्द करने का फैसला किया गया। साथ ही रेलवे ने यात्रियों को कार्यक्रम के मुताबिक यात्रा की योजना बनाने की सलाह दी है। राज्य सरकार ने तटीय और निचले इलाकों में रहने वाले करीब 8 लाख लोगों को गुरुवार शाम तक सुरक्षित स्थान में पहुंचाने का लक्ष्य रखा है।

ओडिशा के भद्रक और आंध्र प्रदेश के विजयनगरम के बीच रेलवे सेवाओं को निलंबित कर दिया गया है। इसके अलावा भुवनेश्वर और पुरी की ओर जाने वाली ट्रेनों को गुरुवार यानी 2 मई की शाम से रोक दिया जाएगा। ईस्ट कोस्ट एक्सप्रेस और कोरोमंडल एक्सप्रेस 2 मई को हावड़ा से नहीं चलेगी. इसके अलावा हावड़ा से पुरी के लिए जानी वाली ट्रेनें भी रद्द रहेंगी। बेंगलुरू, चेन्नई और सिकंदराबाद की गाडिय़ों को भी हावड़ा तक के लिए रद्द कर दिया गया है।

बता दें कि ये न सिर्फ ओडिशा के लिए बल्कि यूपी के लिए भी खतरनाक साबित हो सकता है। यूपी के कन्नौज सहित कई जिलों में हल्की से मध्यम वर्षा के साथ पूर्वी हवाएं 30 से 40 किलोमीटर चलने की अत्यधिक संभावना बताई गई है।

Add a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »