चाकू दिखाकर वृद्धा से लूट लिए लाखों के गहने

रायगढ़, 29 दिसम्बर (आरएनएस)। शहर में आज सुबह तीन अज्ञात लुटेरों ने चाकू दिखाकर वृद्धा से लाखों के गहने लूट लिए। बुजुर्ग महिला आज सुबह टहलने गई थी। मामला केलो विहार कॉलोनी चक्रधर नगर थाना क्षेत्र का है। जानकारी के अनुसार आज केलो विहार कॉलोनी निवासी सिविल इंजीनियर प्रमोद पांडे की माता इंद्रा पाण्डेय (68) आज सुबह करीब 4:45 बजे  मॉर्निंग वाक के लिए निकली थी। वह केलो विहार पंप हाउस के पास पहुंची थी, तभी घात लगाकर बैठे 3 लुटेरों में से एक ने महिला के सिर पर जोरदार प्रहार किया। सभी लुटेरों ने अपने मुंह पर कपड़ा ढंक रखा था। महिला चिल्ला न सके इसलिए उसके मुंह को दबा दिया और उसके पहने सभी जेवर कंगन सेट, कान का फूल एवं गले की चेन छीन ली। महिला ने बताया कि लुटेरों के हाथ में चाकू भी था। तीनों ने शोर मचाने या सामान न देने पर जान से मारने की धमकी दी थी। किसी तरह जान बचाकर महिला अपने घर पहुंची और अपने बेटे को सारी बात बताई। उसके बेटे ने चक्रधर नगर थाने में सूचना दी। पुलिस ने आईपीसी की धारा 394 के तहत मामला दर्ज कर सरगर्मी से आरोपियों की तलाश कर रही है।

Add a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »