केंद्रीय मंत्री उपेंद्र कुशवाहा ने तोड़ा राजग से नाता

नई दिल्ली ,10 दिसंबर (आरएनएस)। रालोसपा अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री उपेंद्र कुशवाहा ने सोमवार को अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। वह मोदी सरकार से अलग हो चुके हैं। इससे बिहार में राजनीतिक समीकरण बदल सकते हैं।
राष्ट्रीय लोक समता पार्टी प्रमुख पिछले कुछ सप्ताहों से भाजपा और उसके अहम सहयोगी दल के नेता, बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर निशाना साध रहे हैं। रालोसपा को 2019 के लोकसभा चुनाव में दो से ज्यादा सीटें नहीं मिलने के भाजपा के संकेतों के बाद से रालोसपा अध्यक्ष कुशवाहा नाराज चल रहे थे। दूसरी ओर भाजपा और जदयू के बीच बराबर-बराबर सीटों पर चुनाव लडऩे की सहमति बनी है। इससे पहले रालोसपा के एक वरिष्ठ नेता ने कहा था कि कुशवाहा आज भाजपा से अपनी राह अलग करने की घोषणा कर सकते हैं। वह केंद्रीय मंत्री के पद से भी इस्तीफा दे देंगे। कहा जा रहा है कि रालोसपा विपक्ष से हाथ मिला सकती है जिसमें लालू प्रसाद की राजद और कांग्रेस शामिल हैं। वहीं कुशवाहा ने भी न्यूज एजेंसी एएनआई से बातचीत में कहा कि आज होने वाली एनडीए के सहयोगी दलों की बैठक में वह हिस्सा नहीं लेंगे। माना जा रहा है कि उपेंद्र कुशवाहा कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी से मुलाकात करेंगे।
००

Add a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »