उपेक्षा की पीड़ा झेल चुके कबीरधाम जिले का नाम अब मान-सम्मान और गौरव के साथ लिया जाता है : डॉ. रमन सिंह

कवर्धा, 01 अक्टूबर (आरएनएस)। मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने प्रदेश व्यापी अटल विकास यात्रा के दौरान आज नगर पंचायत पिपरिया में आयोजित विशाल आमसभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि कबीरधाम जिला पहले विकास कार्यो को लेकर उपेक्षित था, पीडित था, अब यह जिला विकास के क्षेत्र में लगातार तेजी से आगे बढ़ रहा है, अब कबीरधाम जिले का नाम प्रदेश एवं देश में बड़े मान-सम्मान और गौरव के साथ लिया जाता है। उन्होंने कहा कि कवर्धावासियों के रेल लाईन का सपना भी शीघ्र ही पूरा होगा। जिले को और भी विकास कार्यो का सौगात देने के लिए शीघ्र ही केन्द्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह और रेल मंत्री पीयूष गोयल कवर्धा आयेंगे। उन्होंने बताया कि कवर्धा जिले में 256 कि.मी. रेल लाईन के लिए 5999 करोड़ रूपये की कार्य योजना तैयार हो चुकी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सच्चे विकास के लिए नीति और नियति दोनों साफ होनी चाहिए। उन्होंने प्रदेश में पिछले 15 वर्षो में हुए विकास कार्यो की जानकारी देते हुए कहा कि राज्य एवं केन्द्र सरकार की अनेक कल्याणकारी योजनाओं से गरीबों के जीवन में परिवर्तन आया है। प्रदेश में एक ओर जहां तेजी से अधोसंरचना विकास के कार्य हुए है, वहीं दूसरी ओर सामाजिक सुरक्षा के क्षेत्र में भी बेहतर कार्य हो रहे है।
आमसभा में मुख्यमंत्री ने नगर पंचायत पिपरिया को पूर्ण तहसील का दर्जा देने की घोषणा की। इसके अलावा बिरकोना से परसवारा पहुंच मार्ग, कान्हाभैरा से नेवारी गुढ़ा पहुंच मार्ग और कोयलारी नवागांव से गोपाल भावना सड़क निर्माण की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने पिपरिया के आयोजित कार्यक्रम में किसानों के लिये 36 करोड़ 97 लाख रूपये चना प्रोत्साहन राशि का वितरण और श्यामा प्रसाद मुखर्जी रूर्बन मिशन बिरकोना कलस्टर में शामिल 10 ग्राम पंचायतां के सर्वांगीण विकास के लिये 102 करोड़ रूपये की कार्य योजना का भी शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में गांव, गरीब, किसान और मेहनतकश मजदूर सहित सभी वर्गो के लोगों की भलाई के लिये प्राथमिकता से विकास कार्य चलाये जा रहे है। उन्होंने कहा कि अब छत्तीसगढ़ के किसी गरीब परिवार का कोई भी व्यक्ति भूखा नहीं सोता है और यह मुख्यमंत्री खाद्यान्न योजना के तहत एक रूपये चावल देने से संभव हुआ है। इसी तरह गरीब परिवारों को आवास उपलब्ध कराने के लिए अब प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत डेढ़ लाख रूपये तक के पक्के मकान बनाये जा रहे है। प्रदेश में वर्ष 2022 तक सभी गरीबों के लिए पक्के मकान बनाने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में एक नवंबर से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी शुरू कर दी जायेगी और धान खरीदी की राशि के साथ ही धान का बोनस भी किसानों के खाते में जमा कर दिया जायेगा। मुख्यमंत्री डॉ. सिंह ने कहा कि प्रदेश में मुख्यमंत्री स्वास्थ्य बीमा योजना के तहत हर परिवार को 50 हजार रूपये का ईलाज कराने के लिए स्मार्ट कार्ड की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। साथ ही आयुष्मान भारत योजना के तहत गरीब परिवारों को गंभीर से गंभीर बीमारी के लिए पांच लाख रूपये तक ईलाज की सुविधा उपलब्ध कराई जायेगी। इस तरह हर वर्ग के लोगों की भलाई के लिए सरकार द्वारा निरंतर कार्य किये जा रहे है। मुख्यमंत्री ने पिपरिया में महाविद्यालय के लिए महंत श्याम सुंदर वैष्णव द्वारा लगभग पांच एकड़ भूमि दान देने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें इस नेक कार्य के लिए बधाई और शुभकामनाएं दी।

 

Add a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »