मुख्यमंत्री के सभी प्रस्तावों को मंच पर ही तत्काल दी मंजूरी :केन्द्रीय मंत्री श्री गडकरी ने लगभग साढ़े चार हजार करोड़ की नई सड़क परियोजनाओं का किया ऐलान

रायपुर, 10 सितम्बर (आरएनएस)।  मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह के आग्रह पर केन्द्रीय सड़क परिवहन तथा राजमार्ग मंत्री श्री नितिन गडकरी ने आज दुर्ग जिले के चरौदा नगर में आयोजित कार्यक्रम छत्तीसगढ़ की जनता को चार हजार 355 करोड़ रूपयों की विभिन्न सड़क परियोजनाओं की सौगात दी। उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री ने चरौदा की आमसभा में अपने उदबोधन में श्री गड़करी को इन सड़क परियोजनाओं के लिए प्रस्तावों की सूची देकर शीघ्र मंजूरी देने का अनुरोध किया था। मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में आज के कार्यक्रम में श्री गडकरी को स्मृति चिन्ह के रूप में बेलमेटल की कलाकृति भेंट कर सम्मानित किया गया।
श्री गडकरी ने मुख्यमंत्री के आग्रह को सहर्ष स्वीकार करते हुए मंच पर ही तत्काल उनके सभी प्रस्तावों को मंजूर करने का ऐलान किया। इनमें जहां 1800 करोड़ रूपयों की 388 किलोमीटर की चार सड़कों और चार बायपास सड़कों के उन्नयन और सुधार के प्रस्ताव शामिल हैं। वहीं जिन 17 शहरों में बायपास मार्गों का निर्माण हो चुका है, उनमें आंतरिक सड़कों के निर्माण के लिए 157 करोड़ रूपए भी श्री गडकरी द्वारा तुरंत मंजूर कर दिए गए। उन्होंने इसके अलावा चार शहरों – कवर्धा, बेमेतरा, जगदलपुर और लखनपुर में चार नये बायपास मार्गों के लिए 650 करोड़ रूपए की स्वीकृति भी शामिल हैं। श्री गडकरी ने केन्द्र सरकार की भारत माला परियोजना के तहत छत्तीसगढ़ में एक नये राष्ट्रीय राजमार्ग को भी मंजूर करने की घोषणा की, जिसका निर्माण रायगढ़ से धरमजयगढ़ तक होगा। लगभग 72 किलोमीटर की इस सड़क के निर्माण पर एक हजार करोड़ रूपए खर्च किए जाएंगे। श्री गडकरी द्वारा की गई घोषणाएं इस प्रकार हैं –
सड़कों के उन्नयन और सुधार के छह कार्य – कुल 388 किलोमीटर, राशि 1800 करोड़ रूपए, इनमें शामिल हैं – 1. राष्ट्रीय राजमार्ग 930 पर झलमला से शेरपार 37 किलोमीटर, राशि 268 करोड़ रूपए, 2. राष्ट्रीय राजमार्ग 130 ए पर मदनगुड़ा से खुटगांव 28 किलोमीटर, 170 करोड़ रूपए, 3. राष्ट्रीय राजमार्ग 930 पर शेरपार से कोहका 47 किलोमीटर, 368 करोड़ रूपए, 4. राष्ट्रीय राजमार्ग 130 ए – 42 किलोमीटर, 304 करोड़ रूपए, 5. तखतपुर बायपास, मुंगेली बायपास, पंडरिया बायपास और पोड़ी बायपास कुल 26 किलोमीटर राशि 229 करोड़ रूपए। श्री गडकरी द्वारा की गई अन्य घोषणाएं इस प्रकार हैं – 1. राष्ट्रीय राजमार्ग 130 सी पर अभनपुर से पोंड 31 किलोमीटर, 263 करोड़ रूपए, 2. जिन 17 शहरों में बायपास रोड़ बन गए हैं, वहां की आंतरिक सड़कों के वन टाइम इम्प्रूवमेंट के लिए 157 करोड़ रूपए, 3. केन्द्रीय सड़क निधि (सीआरएफ) में पांच सड़कों के लिए 458 करोड़ रूपए। इनमें रायपुर शहर के माना जंक्शन पर फ्लाई ओव्हर के लिए 96 करोड़ रूपए, शदाणी दरबार से केन्द्री फोर-लेन सड़क के लिए 99 करोड़ रूपए, दुर्ग से गुण्डरदेही-बालोद मार्ग के लिए 219 करोड़ रूपए, बम्हनीडीह से दहिदा मार्ग पर हसदेव नदी में पुल निर्माण के लिए 35 करोड़ रूपए और गादीरास में मलगेर नदी पर पुल निर्माण के लिए नौ करोड़ रूपए शामिल हैं, 4. राजनांदगांव शहर में परिकाला चौक के पास तथा इस जिले के ग्राम सोमनी के पास सर्विस रोड निर्माण के लिए तीस करोड़ रूपए। श्री गडकरी ने इसके अलावा छत्तीसगढ़ में 650 करोड़ रूपए के चार नये बायपास मार्गों के लिए 650 करोड़ रूपए भी तत्काल मंजूर करने का ऐलान किया। इनमें से कवर्धा बायपास (5.30 किलोमीटर) के लिए 100 करोड़ रूपए, बेमेतरा बायपास (16.60 किलोमीटर) के लिए 250 करोड़ रूपए, जगदलपुर बायपास (17.50 किलोमीटर) के लिए 200 करोड़ रूपए और लखनपुर बायपास (छह किलोमीटर) के लिए 100 करोड़ रूपए श्री गडकरी द्वारा मंजूर करने का ऐलान किया गया।

Add a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »