रमन ने राज्य का मोदी ने किया देश का विकास : अमित शाह

डोंगरगढ़-रायपुर, 05 सितंबर (आरएनएस)। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने आज मां बमलेश्वरी का दर्शन-पूजन करने के बाद राज्य सरकार के अटल विकास यात्रा के दूसरे चरण को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इसके पूर्व रायपुर पहुंचकर उन्होंने कबीर पंथ के गुरू प्रकाश मुनि नाम साहेब के निवास स्थान पहुंचकर उनसे भाजपा की जीत के लिए आशीर्वाद लिया। विकास यात्रा में शामिल होने सांसद अभिषेक सिंह, राज्य सभा सांसद सरोज पांडेय, धरमलाल कौशिक, राजेश मूणत, सौदान सिंह, महेश गागड़ा के साथ ही बड़ी संख्या में भाजपा के नेता पहुंचे।
अपने उद्बोधन में मुख्यमंत्री डा. रमन सिंह ने कहा कि-अटल विकास यात्रा और इस विकास यात्रा के लिए हम सब को आशीर्वाद देने राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह आज डोंगरगढ़ की पवित्र नगरी में आए। मैं प्रदेशवासियों की ओर से उनका धन्यवाद करता हूं। डा. सिंह ने कहा कि राज्य के निर्माता स्व. अटल बिहारी बाजपेयी को प्रदेशवासियों की ओर से श्रद्धांजली देते हुए छत्तीसगढ़ की राजधानी नया रायपुर का नामकरण अटल नगर कर दिया है। राजनांदगांव मेडिकल कालेज अटल जी के नाम पर कर दिया है। छत्तीसगढ़ की 2.50 करोड़ जनता की ओर से अटल नगर में 5 एकड़ की जमीन पर स्मृति में एक विशाल स्मारक का काम शुरू होने वाला है, इसके लिए गांव-गांव से मिट्टियां संग्रहित किया जा रहा है। उन्होने राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह की प्रशंसा करते हुए कहा कि हिंदुस्तान की राजनीति में भजापा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने चमत्कार किया है। दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी बनाने का श्रेय भी श्री शाह को जाता है, देश के 20 राज्यों में भाजपा की सरकार बनाने का गौरव भी श्री शाह को है। उन्होंने कहा कि नवा छत्तीसगढ़ 2025 बनाने का संकल्प हम जरूर पूरा करेंगे। श्री सिंह ने कहा कि हम विकास की राह पर चल रहे हंै, 2025 में प्रदेश की रजत जयंती तक किसानों की आय दोगुनी हो जाएगी। हर गांव में इंटरनेट होगा, प्रदेश की जीडीपी दोगुना होगी, प्रत्येक नागरिकों को चिकित्सा सुविधा, कच्चे मकान वालों को पक्के मकान की व्यवस्था भाजपा सरकार कर रही है। हर गांव को पक्की सड़क से जोडऩे का काम, हवाई सेवा विस्तार का काम के साथ ही स्मार्ट छत्तीसगढ़, समृद्ध छत्तीसगढ़ बनाने का काम हो रहा है। उन्होंने कहा कि इस देश में एक बड़ा परिवर्तन आया, जब से मोदी जी प्रधानमंत्री बने हैं। विकास का सपना पूरा हो रहा है, उज्जवला योजना से 19 लाख परिवार तक गैस पहुंचा है। आने वाले 4 माह के भीतर 40 लाख बहनों के हाथों में स्काई योजना से स्मार्ट फोन होगा। कुछ बड़ी योजनाओं को शुरू किया है, गरीब जनता के लिए जिनके पास 40 यूनिट तक निशुल्क बिजली देते थे, अब उन्हीं 12 लाख गरीब परिवारों को 100 रूपए मासिक बिल देंगे। किसानों को पंप के लिए 1 लाख तक की छूट और किसानों को पंप फ्लैट रेट देने की सुविधा देंगे। कुछ नई योजनाओं की शुरूआत होगी। इसके साथ ही 750 करोड़ तेंदूपत्ता बोनस वितरण करने वाले हैं। राज्य के कर्मचारियों को 7वां वेतनमान देने की तैयारी है। किसानों के लिए धान का समर्थन मूल्य बढ़ाया गया और बोनस साथ में देने का निर्णय लिया है। जनता हमें जरूर आशीर्वाद देगी और विधानसभा चुना जीताएगी।
अपने उद्बोधन में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने राज्य के मुखिया और मुख्यमंत्री डा. रमन सिंह को अपनी बधाई देते हुए कहा कि डा. रमन सिंह पहले व्यक्ति थे, जब अटल जी का देह नहीं रहा। पहली श्रद्धांजली देते हुए डा. सिंह ने नई राजधानी का नाम अटल नगर किया, डा. सिंह पहले व्यक्ति थे जिन्होंने राज्य के निर्माता को सच्ची श्रद्धांजली दी। आज छत्तीसगढ़ में जो विकास दिखता है उसके पीछे छत्तीसगढ़ की रचना करने वाले स्व. अटल जी का आशीर्वाद और मुख्यमंत्री डा. रमन सिंह की कड़ी मेहनत है। राज्य का निर्माण अटज जी ने कहा तो रमन सिंह ने छत्तीसगढ़ को संवारने का काम किया है। श्री शाह ने कहा कि नया छत्तीसगढ़ बनाना है तो एक बार फिर से चौथी बार रमन सिंह की सरकार बनानी होगी इसके साथ ही 2019 में मोदी जी की सरकार बनानी होगी। मोदी-रमन की जोड़ी छत्तीसगढ़ को विकास का एक नया आयाम देगा। 10 साल से केन्द्र में कांग्रेस की सरकार थी, छत्तीसगढ़ को कुछ नहीं मिलता था। जब भी राज्य के मुखिया गरीबों की मांगों को लेकर केन्द्र सरकार से बात करते थे, केन्द्र के बहरे कानों को सुनाई नहीं देता था। उन्होंने कहा कि जनता को धन्यवाद, आपने परिवर्तन किया। केन्द्र में भाजपा की सरकार बनी तो प्रदेश की तरक्की बढ़ गई है।

Add a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »