रायपुर, 08 मार्च  (आरएनएस)।  मुख्यमंत्री भूपेश बघेल आज महिला दिवस के अवसर पर साईंस कॉलेज परिसर स्थित ऑडिटोरियम में छत्तीसगढ़ पुलिस द्वारा आयोजित अभिव्यक्ति कार्यक्रम में सम्मिलित हुए। इस अवसर पर श्री बघेल द्वारा समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली महिलाओं का सम्मान किया गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री श्री बघेल ने कहा कि आधी आबादी को सम्मानित करते हुए प्रसन्नता हो रही है। यदि महिलाएं कमजोर होती हैं तो समाज आगे नहीं बढ़ पाता है। आज किसी भी क्षेत्र में महिलाएं पीछे नहीं हैं, महिलाएं आटो-रिक्शा से लेकर फाइटर प्लेन तक उड़ा रही हैं। छत्तीसगढ़ के नक्सल क्षेत्र में तैनात दंतेश्वरी फाइटर्स में महिलाएं बहादुरी से कार्य कर रही हैं और इन्होंने नक्सलियों के कई कैम्प ध्वरत किए हैं। आज किसी भी परीक्षा का परिणाम आता है, तो मेरिट में सबसे ऊपर महिलाएं ही होती हैं। यदि लोकतंत्र की बात करें तो छत्तीसगढ़ में महिलाओं की स्थिति देश के कई प्रदेशों से बेहतर है। छत्तीसगढ़ की विधानसभा में सर्वाधिक महिलाओं का प्रतिनिधित्व है। महिलाओं को घर में निर्णय लेने का अधिकार मिलना चाहिए। हम लोगों को घर में अपने बेटों को सिखाना चाहिए कि महिलाओं के प्रति कैसा व्यववहार करना है ? आज महिलाओं को भी उनके साथ हो रहे अत्याचार के विरूद्ध आवाज उठाना जरूरी हो गया है। यदि आप बर्दाश्त करती रहेंगी तो अपराधियों के हौसले बढ़ेंगे। छत्तीसगढ़ में कौशिल्या माता, शबरी माता, बिलासा बाई, मिनीमाता, फुलबासन यादव, तीजनबाई आदि महिलाओं ने राज्य का मान बढ़ाया है।