एक माह बाद अस्पताल में भर्ती मरीजों की संख्या नौ लाख से कम

0-देश में 24 घंटे में कोरोना के 70496 नए मामले, 983 की मौत
नई दिल्ली ,09 अक्टूबर (आरएनएस)। भारत में एक दिन में कोविड-19 के 73,503 नए मामले सामने आने के बाद देश में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 69.08 लाख से अधिक हो गई है। वहीं देश में करीब एक महीने बाद उपचाराधीन मरीजों की संख्या घटकर नौ लाख से कम हो गई है। वहीं पिछले 24 घंटे में 983 और लोगों की मौत के बाद मृतक संख्या बढ़कर 1,06,552 हो गई।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के अद्यतन आंकड़ों के अनुसार देश में कोविड-19 के कुल मामलों की संख्या 69,08,603 हो गई है। आंकड़ों के अनुसार देश में संक्रमण से स्वस्थ होने वाले लोगों की संख्या बढ़कर 59,05,504 हो गई है। इससे संक्रमण मुक्त होने वाले लोगों की दर बढ़कर 85.52 प्रतिशत पर पहुंच गई है। फिलहाल देश में 8,95,504 लोगों का कोरोना वायरस का इलाज जारी है, जो कुल मामलों का 12.94 प्रतिशत है, पिछले 24 घंटे में अस्पताल में उपचार करा रहे मरीजों में से 6037 लोग ठीक होकर अपने घर वापस पहुंचे हैं। वहीं कोविड-19 से मृत्यु दर 1.54 प्रतिशत है। भारत में कोविड-19 के मामले सात अगस्त को 20 लाख, 23 अगस्त को 30 लाख, पांच सितम्बर को 40 लाख, 16 सितम्बर को 50 लाख और 28 सितंबर को 60 लाख के पार चले गए थे। भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) के अनुसार देश में आठ अक्तूबर तक कोविड-19 के 8,46,34,680 नमूनों की जांच की गई, जिनमें से 11,68,705 नमूनों की जांच गुरुवार को की गई। आंकड़ों के अनुसार पिछले 24 घंटे में जिन 964 लोगों की मौत हुई, उनमें से सबसे अधिक 358 लोग महाराष्ट्र के थे। इनके अलावा कर्नाटक के 101, तमिलनाडु के 68, पश्चिम बंगाल के 63, उत्तर प्रदेश के 45, आंध्र प्रदेश के 42 और दिल्ली के 37 लोग थे।
22 राज्यों में कोरोना पॉजिटिव केस की दर राष्ट्रीय औसत से कम
केंद्रशासित प्रदेशों (यूटी) सहित कम से कम 22 राज्यों में कोविड-19 के पॉजिटिव मामलों की दर राष्ट्रीय औसत से कम है जो 8.19 फीसदी है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय यह जानकारी दी। इन राज्यों में बिहार (2.61), गुजरात (3.30), झारखंड (3.82), उत्तर प्रदेश (3.92), हिमाचल प्रदेश (4.93), राजस्थान (5.11), मध्य प्रदेश (5.98), पंजाब (5.99), हरियाणा 6.65), ओडिशा (6.71), उत्तराखंड (7.13), जम्मू और कश्मीर (7.24), तेलंगाना (7.38) और पश्चिम बंगाल (8.15) शामिल हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि भारत विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) की प्रति दिन प्रति 10 लाख जनसंख्या पर 140 परीक्षण कराने की सलाह को पूरा कर रहा है। देश में हर रोज 15 लाख से अधिक कोविड-19 नमूनों का परीक्षण कर रहा है। देश में पिछले 24 घंटों में लगभग 12 लाख परीक्षण किए गए हैं। पिछले 24 घंटों में किए गए 11,94,321 परीक्षणों के साथ, संचयी परीक्षण 8.34 करोड़ (8,34,65,975) को पार कर चुके हैं। उपलब्धियों की एक और कड़ी में, 35 राज्यों / केंद्रशासित प्रदेशों ने परीक्षण की सलाह दी गई संख्या को पार कर लिया है। हर 10 लाख लोगों पर प्रति दिन परीक्षण का राष्ट्रीय औसत 865 है।
००

Add a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »