देश में अब तक 15.98 लाख से ज्यादा मरीज हुए ठीक

0-देश में कोरोना मरीजों का आंकड़ा 22.87 लाख और मृतक हुए 45 हजार के पार
नई दिल्ली ,11 अगस्त (आरएनएस)। देश में कोरोना वायरस संक्रमण के एक दिन में सामने आने वाली मरीजों की संख्या में कमी आई है और मंगलवार को यह आंकड़ा 61,021 रहा। हालांकि देश में पिछले पांच दिन से लगातार 60 हजार से ज्यादा नए मामले सामने आ रहे हैं। देश में संक्रमित मरीजों का आंकड़ा 22.87 लाख के पार पहुंच गया है। वहीं अच्छी बात यह है कि संक्रमण से स्वस्थ होने वाले लोगों की संख्या 15.98 लाख के पार पहुंच गई है और जांच में तेजी आई है।
मंगलवार शाम करीब पौने सात बजे तक के अद्यतन आंकड़े के अनुसार पिछले 24 घंटे में 952 लोगों की मौत होने से मृतकों की संख्या बढ़कर 45,551 हो गई है। देश में संक्रमण के मामले बढ़कर 22,87,492 हो गए हैं, जिनमें से 6,42,972 लोगों का उपचार चल रहा है और 15,98,502 लोग उपचार के बाद इस बीमारी से उबर चुके हैं। पिछले करीब 24 घंटे में सक्रिय मरीजों की संख्या 6364 बढ़ी है, जबकि ठीक होने वाले मरीजों की संख्या 53,702 रही। इस प्रकार आंकड़ों के अनुसार मरीजों के स्वस्थ होने की दर बढ़कर 70 फीसदी के करीब हो गई है जबकि मृत्यु दर में गिरावट आई है और यह 1.99 फीसदी है। वहीं 28.21 फीसदी मरीजों का अभी इलाज चल रहा है। देश में कोविड-19 के मामलों को एक लाख तक पहुंचने में 110 दिन का वक्त लगा था और 59 दिन में यह आंकड़ा 10 लाख के पार चला गया। इसके बाद संक्रमण के मामलों को 20 लाख का आंकड़ा पार करने में महज 21 दिन का वक्त लगा।
पिछले 24 घंटे में जिन 952 लोगों की मौत में से सबसे ज्यादा 293 लोगों की मौत महाराष्ट्र में हुई है। इसके बाद तमिलनाडु और कर्नाटक में 114-114, आंध्र प्रदेश में 80, उत्तर प्रदेश में 51, पश्चिम बंगाल में 41, दिल्ली और गुजरात में 20-20, मध्यप्रदेश में 19, पंजाब में 18, ओडिशा में 14, झारखंड और राजस्थान में 11-11 लोगों की मौत हुई। वहीं बिहार में 10, उत्तराखंड में नौ, तेलंगाना में आठ, केरल में सात, असम, हरियाणा और जम्मू-कश्मीर में छह-छह, गोवा में पांच, छत्तीसगढ़ में तीन, हिमाचल प्रदेश और पुदुचेरी में दो-दो, त्रिपुरा में एक व्यक्ति की मौत हुई।
इस खतरनाक वायरस की वजह से अब तक कुल 45,551 लोगों की मौत हो चुकी है। सबसे ज्यादा 18,050 लोगों की मौत महाराष्ट्र में हुई। तमिलनाडु में 5,041, दिल्ली में 4,131, कर्नाटक में 3,312, गुजरात में 2,672, उत्तर प्रदेश में 2,120, आंध्र प्रदेश में 2,116, पश्चिम बंगाल में 2,100 और मध्यप्रदेश में 1,015 लोगों की मौत हुई। राजस्थान में अब तक 800 लोगों की मौत हुई। वहीं तेलंगाना में 645, पंजाब में 604, हरियाणा में 489, जम्मू-कश्मीर में 478, बिहार में 397, ओडिशा में 286, झारखंड में 188, असम में 151, उत्तराखंड में 134 और केरल में 115 लोगों की मौत हुई। इसके अलावा छत्तीसगढ़ में 99 लोगों की मौत हुई। पुदुचेरी में 89, गोवा में 80, त्रिपुरा में 43, चंडीगढ़ में 25, अंडमान-निकोबार द्वीपसमूह में 20, हिमाचल प्रदेश में 17, मणिपुर में 11, लद्दाख में नौ, नगालैंड में आठ, मेघालय में छह, अरुणाचल प्रदेश में तीन, दादरा- नगर हवेली और दमन – दीव में दो और सिक्किम में एक मरीज की मौत हुई है।
पिछले 24 घंटे में करीब सात लाख नमूनों की जांच
भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) की ओर से जारी आंकड़े के मुताबिक, देशभर में 10 अगस्त तक परीक्षण किए गए कोरोना नमूनों की कुल संख्या 2,52,81,848 है। जिसमें 6,98,290 नमूने शामिल हैं जिनका परीक्षण सोमवार को किया गया।
००

Add a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »