श्रीराम मंदिर आधुनिक भारत का प्रतीक बनेगा:कोविन्द

नई दिल्ली,05 अगस्त (आरएनएस)। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने बुधवार को कहा कि भगवान राम के मंदिर का निर्माण न्यायप्रक्रिया के अनुरूप तथा जनसाधारण के उत्साह व सामाजिक सौहार्द के संबल से हो रहा है और यह आधुनिक भारत का प्रतीक बनेगा।
राष्ट्रपति कोविंद ने ट्वीट किया कि राम-मंदिर निर्माण के शुभारंभ पर सभी को बधाई! मर्यादा पुरुषोत्तम प्रभु राम के मंदिर का निर्माण न्यायप्रक्रिया के अनुरूप तथा जनसाधारण के उत्साह व सामाजिक सौहार्द के संबल से हो रहा है। उन्होंने कहा कि मुझे विश्वास है कि मंदिर परिसर, रामराज्य के आदर्शों पर आधारित आधुनिक भारत का प्रतीक बनेगा। गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को अयोध्या में राम मंदिर निर्माण के लिए भूमि पूजन किया और मंदिर की आधारशिला रखी। राम मंदिर का निर्माण भाजपा के घोषणापत्र में शामिल रहा है और पिछले तीन दशकों से यह मुद्दा उसकी राजनीति के केंद्र में था। उच्चतम न्यायालय ने पिछले साल दशकों पुराने मुद्दे का समाधान करते हुए अयोध्या में राम मंदिर निर्माण का मार्ग प्रशस्त कर दिया था।भूमि पूजन समारोह में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत भी मौजूद थे।
केंद्रीय मंत्री और भाजपा नेता रविशंकर प्रसाद ने कहा कि आज ऐतिहासिक दिन है और हम सभी इस क्षण की खुशी महसूस कर सकते हैं। उन्होंने हिंदी में ट्वीट किया कि भव्य राम मंदिर देश का भी मंदिर है। यह भारत के स्वाभिमान, आत्मसम्मान और हमारी आध्यात्मिक विरासत का भी जयगान है। भाजपा नेता सुरेश प्रभु ने इसे भारत के इतिहास में गौरवशाली क्षण बताया और कहा, ”इस क्षण का साक्षी बनने के लिए हम सभी सौभाग्यशाली हैं।
विभिन्न राजनीतिक दलों ने किया शिलान्यास का स्वागत
विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं ने अयोध्या में राम मंदिर के शिलान्यास का बुधवार को स्वागत करते हुए उम्मीद जताई कि इससे राष्ट्रीय एकता एवं सामंजस्य का मार्ग प्रशस्त होगा। विभिन्न नेताओं ने इस ऐतिहासिक कार्यक्रम की प्रशंसा की और उम्मीद जताई कि देश और उन्नति करेगा तथा लोग भगवान राम के आदर्शों का पालन करेंगे। उनकी प्रतिक्रियाएं तब सामने आ रही है जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राम मंदिर के शिलान्यास के लिए अयोध्या में हैं।दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरवील ने राम मंदिर के भूमि पूजन के मौके पर देशवासियों को बधाई दी। केजरीवाल ने ट्वीट किया कि भगवान राम का आशीर्वाद हम पर बना रहे। उनके आशीर्वाद से हमारे देश को भुखमरी, अशिक्षा और गरीबी से मुक्ति मिले और भारत दुनिया का सबसे शक्तिशाली राष्ट्र बने। आने वाले समय में भारत दुनिया को दिशा दे। जय श्री राम! जय बजरंग बली! पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी ने कहा कि हिंदू मुस्लिम सिख ईसाई, आपस में हैं भाई-भाई! मेरा भारत महान, महान हमारा हिंदुस्तान। उन्होंने कहा कि हमारे देश ने विविधता में एकता की दशकों पुरानी परंपरा हमेशा बनाए रखी है और हमें अपनी अंतिम सांस तक इसे बनाए रखना चाहिए।
राम के रंग में रंगने की कोशिश में कांग्रेस
राम मंदिर का भव्य भूमिपूजन आज अयोध्या में होने जा रहा है। अयोध्या नगरी पूरी तरह से रोशनी से जगमगा रही है। लेकिन इस पवित्र आयोजन के बीच अब राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई है। कभी राम मंदिर आंदोलन का प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से विरोध करने वाले नेता भी अब पक्के राम भक्त बनते नजर आ रहे हैं। अयोध्या में श्रीराम मंदिर भूमिपूजन के पहले कांग्रेस भी राम के रंग में रंग गई है। कांग्रेस पार्टी भी समझ रही है कि इस भूमिपूजन से भारतीय जनता पार्टी को बहुत बड़ा राजनीतिक लाभ मिलने जा रहा है। ऐसे में कांग्रेस भी इस भूमिपूजन में जनता के सामने खुद को सबसे बड़ा रामभक्त बताने में कोई कोर कसर नहीं छोडऩा चाहती है। अब इस मुद्दे पर जनता का ध्यान आकर्षित करने के लिए कांग्रेस को पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की याद आने लगी। हालांकि राजीव गांधी के अलावा कांग्रेस के पास ऐसा कोई नेता भी नहीं हैं जिसके सहारे कांग्रेस इस मुद्दे पर राजनीति कर सके।
अयोध्या में श्रीराम मंदिर के भूमि पूजन के मौके पर लोगों को शुभकामनाएं देते हुए कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने कहा कि हम आशा करते हैं कि त्याग, कर्तव्य, करुणा, उदारता, एकता, बंधुत्व, सद्भाव, सदाचार के रामबाण मूल्य जीवन पथ का रास्ता बनेंगे। राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि आज भगवान राम के मूल्यों पर आधारित समानतावादी समाज बनाने पर ध्यान केंद्रित करने की आवश्यकता है। उन्होंने ट्वीट किया कि भगवान राम का हमारी संस्कृति और सभ्यता में विशिष्ट स्थान है। उनका जीवन हमें सभी के लिए सच, न्याय, समानता, करुणा और भाईचारे की महत्ता की सीख देता है। हमें भगवान राम के मूल्यों पर आधारित समतामूलक समाज बनाने पर ध्यान केंद्रित करने की आवश्यकता है। समाजवादी पार्टी के नेता अखिलेश यादव ने भी उम्मीद जताई कि वर्तमान एवं भविष्य की पीढिय़ां भी ‘मर्यादा पुरुषोत्तमÓ के दिखाए मार्ग के अनुरूप सच्चे मन से सबकी भलाई तथा शांति के लिए मर्यादा का पालन करेंगी। कांग्रेस नेता शशि थरूर ने कहा कि भगवान राम सभी के लिए न्याय, सही आचरण, निष्पक्षता और दृढ़ता, नैतिक ईमानदारी तथा साहस के प्रतीक हैं। वहीं सांसद मनीष तिवारी ने देशवासियों को भूमिपूजन की बधाई दी है। उन्होंने एक वीडियो भी जारी किया जिसमें वह रघुपति राघव राजाराम गा रहे हैं।
भगवान राम सर्वोत्तम मानवीय गुणों के स्वरूप: राहुल
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने अयोध्या में राम मंदिर निर्माण के लिए भूमि पूजन होने के बाद बुधवार को कहा कि भगवान राम मन की गहराइयों में बसी मानवता की मूल भावना हैं और वह कभी घृणा एवं अन्याय में प्रकट नहीं हो सकते। उन्होंने ट्वीट किया कि मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान राम सर्वोत्तम मानवीय गुणों का स्वरूप हैं। वे हमारे मन की गहराइयों में बसी मानवता की मूल भावना हैं। राम प्रेम हैं। वह कभी घृणा में प्रकट नहीं हो सकते। राहुल ने कहा कि राम करुणा हैं। वह कभी क्रूरता में प्रकट नहीं हो सकते। राम न्याय हैं। वह कभी अन्याय में प्रकट नहीं हो सकते। वहीं कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने मंगलवार को कहा कि भगवान राम सब में हैं और सबके हैं। ऐसे में पांच अगस्त को अयोध्या में मंदिर निर्माण के लिए होने जा रहा भूमि पूजन राष्ट्रीय एकता, बंधुत्व और सांस्कृतिक समागम का कार्यक्रम बनना चाहिए।
००

Add a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »