पहली बार आए 60 हजार से ज्यादा नए कोरोना मरीज, सर्वाधिक 1376 की मौत

0-देश में 12.16 लाख के पार हुए संक्रमण के मामले, मौतों का आंकड़ा 29 हजार के पार
नई दिल्ली , 22 जुलाई (आरएनएस)। भारत में कोविड-19 के 60,982 नए मामले सामने आने के बाद बुधवार को देश में रिकार्ड संक्रमितों की कुल संख्या बढ़कर 12,16,173 हो गई। वहीं उपचार के बाद 7,68,926 मरीज अभी तक संक्रमण मुक्त हो चुके हैं। एक दिन में अब तक एक हजार से ज्यादा रिकार्ड मौतों के साथ देश में मृतकों का आंकड़ा 29,460 तक जा पहुंचा है।
केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के बुधवार शाम सवा सात बजे तक के ताजा आंकडों के मुताबिक पिछले एक दिन के अंतराल में अब तक सर्वाधिक 1376 लोगों की मौत के साथ देश में कुल मौतों की संख्या बढ़कर 29,460 हो गई। आंकड़ों के अनुसार देश में 4,17,377 लोगों का कोरोना वायरस का इलाज जारी है और अभी तक 7,68,926लोग संक्रमण मुक्त हुए हैं। इस प्रकार मरीजों के ठीक होने की दर 63.17 प्रतिशत से अधिक हो गई है। मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार पिछले एक दिन में जिन 1376 लोगों की जान गई, उनमें से सबसे अधिक 246 लोग महाराष्ट्र के थे। इसके बाद तमिलनाडु में 75, आंध्र प्रदेश में 62, कर्नाटक में 61, उत्तर प्रदेश में 37, पश्चिम बंगाल में 35, गुजरात में 34, दिल्ली में 27, मध्य प्रदेश में 18, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर तथा राजस्थान में नौ-नौ, तेलंगाना में सात, ओडिशा में छह, छत्तीसगढ़ में चार, गोवा में तीन, झारखंड में दो, केरल, पुडुचेरी, पंजाब और त्रिपुरा में एक-एक व्यक्ति की जान गई है।
महाराष्ट्र में सर्वाधिक मौतें
कोविड-19 से अभी तक 29,460 मरीजों की मौत के मामलों में महाराष्ट्र में सबसे अधिक 12,276 लोगों ने जान गंवाई है। इसके बाद दिल्ली में 3,690 तमिलनाडु में 2,626, गुजरात में 2,196, कर्नाटक में 1,464, उत्तर प्रदेश में 1,146, पश्चिम बंगाल में 1,229, आंध्र प्रदेश में 758, मध्य प्रदेश में 756, राजस्थान में 577 और तेलंगाना में 429 लोगों की मौत हुई। हरियाणा में कोविड-19 से 364, पंजाब तथा जम्मू कश्मीर में 263, बिहार में 217, ओडिशा में 103, असम में 58, उत्तराखंड और झारखंड में 55 और केरल में 44 लोगों ने जान गंवाई। स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार महामारी से पुडुचेरी में 30, छत्तीसगढ़ में 29, गोवा में 26, चंडीगढ़ में 12, हिमाचल प्रदेश में 11, त्रिपुरा में आठ, मेघालय में चार, अरुणाचल प्रदेश में तीन और दादरा एवं नगर हवेली, दमन एवं दीव, लद्दाख में दो-दो व्यक्ति की मौत हुई।
दिल्ली में सवा लाख पार हुए मरीज
मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार महाराष्ट्र में संक्रमण के सबसे अधिक 3,27,031 मामले सामने आए हैं। इसके बाद तमिलनाडु में 1,80,643, दिल्ली में 1,25,096,, कर्नाटक में 71,069, आंध्र प्रदेश में 58,668, उत्तर प्रदेश में 53,288, गुजरात में 50,379 और तेलंगाना में 47,705 मामले सामने आए हैं। पश्चिम बंगाल में 47,030 , राजस्थान में 31,373, बिहार में 28,952 , हरियाणा में 27,462, असम में 25,382 और मध्य प्रदेश में 24,095 लोग संक्रमित पाए गए हैं। ओडिशा में संक्रमण के मामले बढ़कर 18,757, जम्मू-कश्मीर में 15,258 हो गए। केरल में अब तक संक्रमण के 13,994 जबकि पंजाब में 10,889 मामले सामने आए हैं। झारखंड में कोरोना वायरस संक्रमण के 6,159, छत्तीसगढ़ में 5,729 , उत्तराखंड में 4,849 , गोवा में 4,027, त्रिपुरा में 3,331 , पुडुचेरी में 2,179, मणिपुर में 2,015, हिमाचल प्रदेश में 1,664 और लद्दाख में 1,198 मरीज हैं। नगालैंड में संक्रमण के 1,030, अरुणाचल प्रदेश में 858, चंडीगढ़ में 751 और दादरा नगर हवेली तथा दमन और दीव में 705 मामले सामने आए हैं। मेघालय में 490, सिक्किम में 330, मिजोरम में 317 और अंडमान-निकोबार द्वीपसमूह में 212 लोग संक्रमित मिले हैं। मंत्रालय ने कहा कि हमारे आंकड़ों का आईसीएमआर (भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद) के आंकड़ों से मिलान किया जा रहा है। भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) के अनुसार 21 जुलाई तक देश में 1,47,24,546 नमूनों की जांच की गई है, जिनमें से 3,43,243 नमूनों की जांच मंगलवार को ही की गई।
००

Add a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »