जयप्रकाश नारायण ने देश को नई दिशा देने का कार्य किया: नड्डा

नईदिल्ली,11 अक्टूबर (आरएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष जेपी नड्डा ने जयप्रकाश नारायण की जयंती पर उन्हें याद करते हुए कहा कि अपने उत्कृष्ट विचारों तथा दर्शन से देश को नई दिशा देने का कार्य किया।
नड्डा ने रविवार को एक के बाद एक, कई ट्वीट में कहा भारत रत्न से सम्मानित जयप्रकाश नारायण जी ने अपने उत्कृष्ट विचारों तथा दर्शन से देश को नई दिशा देने का कार्य किया। ऐसे सर्वोदयी विचारक व मानवतावादी चिंतक की जयंती पर उन्हें कोटि-कोटि नमन। यह मेरा सौभाग्य है कि छात्र जीवन में ऐसे विराट व्यक्तित्व का सानिध्य मुझे प्राप्त हुआ।
उन्होंने कहा जेपी आंदोलन से निकले हुए अनेक राजनेताओं ने भारतीय राजनीति का नेतृत्व कर देश को एक नई दिशा दी। जेपी के बताए मूल्यों और दिशा-निर्देशों पर आगे बढ़कर बेहतर समाज की रचना करना हमारा संकल्प है।
भाजपा अध्यक्ष ने कहा भारत के काले अध्याय आपातकाल में लोकतंत्र की रक्षा के लिए उनके संपूर्ण क्रांति के आह्वान ने एक नए युग का सूत्रपात किया। तख़्त गिर रहे थे,ताज उछल रहे थे लेकिन जेपी लोकतंत्र के लिए संघर्ष कर रहे थे।उनका समस्त जीवन संघर्ष व साधना से परिपूर्ण रहा। उनकी जयंती पर भावभीनी श्रद्धांजलि।
उल्लेखनीय है कि जयप्रकाश नारायण यानी जेपी का जन्म 11 अक्टूबर 1902 को बिहार में सारन के सिताबदियारा में हुआ था। पटना से शुरुआती पढ़ाई के बाद उन्होंने अमेरिका में पढ़ाई की। 1929 में स्वदेश लौटे और स्वतंत्रता आंदोलन में सक्रिय हुए।
००

Add a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »