मप्र के राज्यपाल लालजी टंडन का निधन

0-नायडू, मोदी, शाह व अन्य नेताओं ने जताया शोक
नई दिल्ली, 21 जुलाई (आरएनएस)। उप राष्ट्रपति वेंकैया नायडू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मध्य प्रदेश के राज्यपाल एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता लालजी टंडन के मंगलवार को निधन पर शोक जताते हुए कहा कि उन्हें समाज सेवा के अथक प्रयासों के लिए सदा याद किया जाएगा।
उप राष्ट्रपति सचिवालय ने ट्वीट किया कि उन्हें एक समर्पित सामाजिक कार्यकर्ता, महान विचारक, सक्षम प्रशासक और एक प्रतिष्ठित सांसद के रूप में याद किया जाएगा। नायडू ने उन्हें ऐसा जन नेता बताया, जिन्होंने निचले तबके के उत्थान के लिए अथक प्रयास किए। उप राष्ट्रपति सचिवालय ने ट्वीट किया कि उन्हें एक समर्पित सामाजिक कार्यकर्ता, महान विचारक, सक्षम प्रशासक और एक प्रतिष्ठित सांसद के रूप में याद किया जाएगा। पीएम मोदी ने ट्वीट किया कि लालजी टंडन को समाज की सेवा के लिए किए गए उनके अथक प्रयासों के लिए याद किया जाएगा। उत्तर प्रदेश में भाजपा को मजबूत करने में उनकी एक अहम भूमिका थी।मोदी ने कहा कि टंडन ने एक प्रभावी प्रशासक के रूप में अपनी पहचान बनाई और जन कल्याण को हमेशा महत्व दिया। प्रधानमंत्री ने कहा कि टंडन संवैधानिक मामलों के अच्छे जानकार थे। मोदी ने कहा कि दिवंगत अटल बिहारी वाजपेयी के साथ उनके करीबी संबंध थे। प्रधानमंत्री ने कहा कि उनके निधन से दुखी हूं। इस शोकाकुल घड़ी में श्री टंडन के परिवार और शुभचिंतकों के साथ मेरी संवेदनाएं हैं। वहीं केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने लालजी टंडन के निधन पर गहरा शोक प्रकट करते हुए कहा कि उन्होंने अपना पूरा जीवन जनसेवा को समर्पित किया और एक जनसेवक के रूप में भारतीय राजनीति पर अपनी गहरी छाप छोड़ी। शाह ने ट्वीट कर कहा कि भाजपा के वरिष्ठ नेता और मध्य प्रदेश के राज्यपाल श्री लालजी टंडन जी के निधन से अत्यंत दु:खी हूं। टंडन जी का पूरा जीवन जनसेवा को समर्पित रहा। उत्तर प्रदेश में भाजपा के संगठन विस्तार में टंडन की भूमिका को उन्होंने महत्वपूर्ण बताया। शाह ने कहा उन्होंने उत्तर प्रदेश में संगठन के विस्तार में बहुत महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। एक जनसेवक के रूप में श्री लालजी टंडन जी ने भारतीय राजनीति पर अपनी गहरी छाप छोड़ी है।
इन नेताओं ने दी श्रद्धांजलि
मध्य प्रदेश के राज्यपाल लालजी टंडन के निधन पर मंगलवार को भाजपा के वरिष्ठ नेताओं ने गहरा शोक प्रकट करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की और इसे पार्टी के लिए अपूरणीय क्षति बताया। भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह सहित पार्टी के तमाम नेताओं ने ट्वीट कर उन्हें श्रद्धा सुमन अर्पित किए। टंडन का मंगलवार सुबह लखनऊ के मेदांता अस्पताल में निधन हो गया। नड्डा ने कहा कि टंडन के निधन से वह स्तब्ध हैं। उन्होंने कहा कि टंडन ने अपने जीवन का हर पल देश की सेवा में समर्पित किया। राजनाथ सिंह ने कहा कि टंडन एक कद्दावर शख्सियत थे और उनके निधन का समाचार बहुत पीड़ादायक है। रक्षा मंत्री ने कहा कि उनके साथ उन्हें लम्बे समय तक काम करने का अवसर मिला। उनका लम्बा सार्वजनिक जीवन जनता की सेवा में समर्पित रहा और उन्होंने अपने काम से एक अलग छाप छोड़ी है। भाजपा की सहयोगी लोक जनशक्ति पार्टी के नेता व केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान ने भी टंडन के निधन पर शोक प्रकट किया। पूर्व केंद्रीय मंत्री शरद यादव ने उन्हें ऊंचे कद का प्रभावशाली नेता बताया कि वह एक बेहद नेक इंसान भी थे। समर्थकों और शुभचिन्तकों के बीच बाबूजी के नाम से लोकप्रिय लालजी टंडन का नाम उत्तर प्रदेश के बड़े नेताओं की सूची में शुमार था। उनका राजनीतिक करियर कई दशक लंबा रहा, जिसमें उन्होंने राज्य में मंत्री बनने से लेकर कई राज्यों का राज्यपाल बनने तक का सफर तय किया। मौजूदा समय में वह मध्य प्रदेश के राज्यपाल थे।
००

Add a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »