मुख्यमंत्री के आदेश से जारी जांच में गोलमाल

0- नगर निगम कोरबा का मामला: आयुक्त को नहीं दी गयी जानकारी
कोरबा ,27 जून (आरएनएस)। नगर पालिक निगम कोरबा के मुख्य लेखा अधिकारी पी. आर. मिश्रा
के खिलाफ मुख्यमंत्री के आदेश पर शुरू हुई जांच अधर में लटक गयी है। नगर में प्रचारित किया जा रहा है कि जांच होकर जांच रिपोर्ट संयुक्त संचालक नगरीय निकाय एवं विकास विभाग, बिलासपुर को भेज दी गयी है, जबकि संयुक्त संचालक ने बताया है कि उक्त संबंध में उन्हें नगर निगम कोरबा से कोई भी
जानकारी नहीं मिली है।
उल्लेखनीय है कि मुख्य लेखा अधिकारी पी. आर. मिश्रा के खिलाफ अपने एक रिश्तेदार को लाभ पहुंचाने के लिए अनियमितता बरतने की शिकायत मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से की गयी थी। मुख्यमंत्री ने मामले की जांच का निर्देश दिया
था। मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार संयुक्त संचालक नगरीय निकाय एवं विकास बिलासपुर ने 09 जून 2020 को नगर निगम कोरबा के आयुक्त को तीन दिनों में शिकायत की जांच कर संबंधित अभिलेखों सहित रिपोर्ट तलब की थी।
इस संबंध में नगर निगम आयुक्त एस. जयवर्धन से संपर्क करने पर उन्होंने बताया कि उक्त आदेश अब तक उसके समक्ष प्रस्तुत नहीं किया गया है। उन्होंने आदेश के संबंध में जानकारी लेने की बात भी कही है। दूसरी ओर नगर
निगम के कर्मचारी मामले की जांच कर संयुक्त संचालक को भेज देने की भ्रामक सूचना प्रचारित कर रहे हैं। साथ ही शिकायत को निराधार भी बता रहे हैं। उधर शनिवार को संयुक्त संचालक बिलासपुर हिमांशु तिवारी से संपर्क करने पर उन्होंने बताया कि उक्त आदेश के संबंध में शनिवार तक नगर निगम कोरबा से उन्हें कोई भी जानकारी प्राप्त नहीं हुई है। ज्ञात हो कि मुख्य लेखा अधिकारी पी. आर. मिश्रा मंगलवार 30 जून को सेवानिवृत्त हो रहे हैं। सवाल यह है कि जांच पूर्ण होने से पहले ही उन्हें क्लीन चिट मिलने का भ्रम क्यों फैलाया जा रहा है और सेवा निवृत्ति के बाद कहीं उनके खिलाफ जांच को रफा-दफा तो नहीं कर दिया जायेगा? क्या उन्हें बचाने की कोई साजिश की जा रही है?
————-

 

Add a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »