लंबे इंतजार के बाद बस्तर के रास्ते मानसून ने दी दस्तक

रायपुर, 21 जून (आरएनएस)। लंबे इंतजार के बाद आखिरकार दक्षिण-पश्चिम मानसून ने बस्तर के रास्ते प्रदेश में दस्तक दे दी है। दक्षिण बस्तर के साथ ही नारायणपुर और धमतरी इलाके में इस समय जोरदार बारिश हो रही है। राजधानी में जल्द ही झमाझम बारिश की शुरूआत हो जाएगी।

मौसम विभाग ने दक्षिण-पश्चिम मानसून के छत्तीसगढ़ में पहुंचने की अधिकृत घोषणा कर दी है। मौसम विभाग से जारी रिपोर्ट के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मानसून आज आगे बढ़ते हुए बीजापुर और जगदलपुर तक पहुंच गया है। मानसूनी पट्टी समय महाराष्ट्र के रत्नागिरी, सांगली, बीजापुर, जगदलपुर, फूलबानी, जमशेदपुर, पुरैना, आसनसोल तक फैली हुई है इसके अलावा झारखंड के कुछ हिस्सों में भी मानसून सक्रिय हो गया है। इधर बंगाल की खाड़ी में बना कम दबाव का क्षेत्र मानसून को तेजी से आगे बढऩे में भरपूर मदद कर रहा है। जैसा कि पूर्व में मौसम वैज्ञानिकों ने अनुमान जताया था कि यदि खाड़ी में कोई शक्तिशाली सिस्टम तैयार होता है तो मानसून तेजी से आगे बढ़ेगी, अनुमान सही साबित हुआ। इस समय बंगाल की खाड़ी में एक कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है जो कि 7.6 किमी की ऊंचाई पर सक्रिय बना हुआ है। इस लोप्रेशर एरिया के चलते ही तमिलनाडू, महाराष्ट्र और आंध्रप्रदेश में अटका मानसून आज तेजी से आगे बढ़ा और बस्तर के बीजापुर से होते हुए जगदलपुर तक पहुंच गया। इधर मानसूनी हवा के सक्रिय होते ही धमतरी और नारायणपुर जिले में इस समय जोरदार बारिश हो रही है। आमतौर पर बस्तर में मानसून की दस्तक के बाद 4-5 दिनों के भीतर राजधानी रायपुर में झमाझम बारिश शुरू हो जाती है। इस समय बने सिस्टम के असर से इसके आगामी 3-4 दिनों के भीतर ही अथवा इसके पूर्व भी राजधानी में पहुंचने की उम्मीद जताई गई है।

 

Add a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »