प्रहलाद पटेल ने पर्यटन मंत्री के रूप में कामकाज संभाला

नईदिल्ली,04 जून (आरएनएस)। पर्यटन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) प्रहलाद सिंह पटेल ने मंगलवार को मंत्रालय का कार्यभार संभाल लिया। प्रहलाद सिंह पटेल पांच बार सांसद निर्वाचित हुए हैं और मध्यप्रदेश के दमोह संसदीय निर्वाचन क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते हैं। पटेल 16वीं लोकसभा में अनेक संसदीय समितियों के सदस्य रहे हैं। 59 वर्षीय पटेल विभिन्न सामाजिक और सांस्कृतिक गतिविधियों में रूचि रखते हैं। इन गतिविधियों में भारतीय संस्कृति का संरक्षण, ग्रामीण क्षेत्रों का विकास, किसानों का कल्याण और खेल-कूद का प्रोत्साहन शामिल हैं।
पदभार संभालने के बाद पटेल ने संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि उनका मंत्रालय प्रधानमंत्री के नया भारत के विजन को पूरा करने के लिए काम करेगा और अपनी सांस्कृतिक जड़ों को मजबूत बनाने के साथ-साथ पर्यटन क्षेत्र को मजबूत करेगा। उन्होंने कहा कि भारत एक विशाल देश है और इसकी सांस्कृतिक शक्ति भी कम नहीं है। उन्होंने कहा कि देश की विशाल सांस्कृतिक विविधता ही पर्यटकों के आकर्षण का मुख्य कारण है। उन्होंने कहा कि पिछले पांच वर्षों में किये गये कार्य तेज गति और समय सीमा के साथ आगे बढ़ाये जाएंगे। उन्होंने कहा कि पर्यटन रोजगार सृजन करने वाला क्षेत्र है, इसलिये देश की संस्कृति और पर्यटन की उचित रूप से ब्रॉडिंग आवश्यक है। उन्होंने इसके लिए सभी हितधारकों से सहयोग मांगा।
००

Add a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »