छत्तीसगढ़ में छ: सीटों के साथ बढ़त, भाजपा को पांच सीटों का नुकसान

रायपुर, 21 मई (आरएनएस)। देश में हुए लोकसभा चुनाव 2019 के सातवें और अंतिम चरण के मतदान के बाद छत्तीसगढ़ की 11 सीटों को लेकर पूरे प्रदेश के राजनीतिक जिज्ञासुओं में विजय-पराजय को लेकर चर्चा का दौर चल रहा है। इसी बीच छत्तीसगढ़ प्रदेश की विश्वसनीय न्यूज एजेन्सी आर.एन.एस.ने ग्यारह सीटों में किए गए अपने सर्वेक्षणों के अनुसार वर्ष 2014 की कांग्रेस की एक मात्र दुर्ग सीट के मुकाबले इस बार कांग्रेस को छ: सीटें मिलने की संभावना है। अर्थात् इस बार के चुनाव में कांग्रेस को पांच सीटों का लाभ होगा। इस लाभ के परिप्रेक्ष्य में प्रदेश के मुख्यमंत्री एवं पार्टी अध्यक्ष भूपेश बघेल का कुशल नेतृत्व रहा है। लोकसभा चुनाव 2019 में भाजपा द्वारा किए गए गड्ढ़े को पाटने में भी भूपेश बघेल की सफल रणनीति ही रही है। प्रदेश की ग्यारह सीटों में से चित्रकोट विधायक और बस्तर से कांग्रेस प्रत्याशी दीपक बैज, कांकेर से बीरेश ठाकुर, राजनांदगांव से भोलाराम साहू, महासमुन्द से धनेन्द्र साहू, कोरबा से ज्योत्सना महन्त एवं सरगुजा से खेलसाय सिंह चुनाव जीतने की स्थिति में हैं। रायपुर लोकसभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी प्रमोद दुबे और भाजपा प्रत्याशी सुनील सोनी, दुर्ग सीट से कांग्रेस प्रत्याशी प्रतिमा चंद्राकर और भाजपा प्रत्याशी विजय बघेल, जांजगीर संसदीय क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी रविभारद्वाज और भाजपा से गुहाराम अजगले, रायगढ़ सीट से कांग्रेस प्रत्याशी लालजीत राठिया और भाजपा से गोमती साय तथा बिलासपुर संसदीय क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी अटल श्रीवास्तव और भाजपा से अरुण साव के बीच कांटे की टक्कर है। आर.एन.एस.सर्वे के मुताबिक कांटे की टक्कर वाली सीटों में से प्रमोद दुबे कांग्रेस रायपुर, विजय बघेल भाजपा दुर्ग जांजगीर से गुहाराम अजगले भाजपा, रायगढ़ से भाजपा की गोमती साय और बिलासपुर से भाजपा प्रत्याशी अरुण साव की स्थिति जीत के करीब है। बहरहाल चुनावी एक्जिट पोल के बाद परिणाम आने में छत्तीस घंटे शेष है। 23 मई को परिणाम की प्रतीक्षा है। अब देखना यहा है कि चुनाव में वास्तविक परिणाम भाजपा को कितना नुकसान और कांग्रेस को कितनी सीटों का लाभ दिलाती है।

 

Add a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »