स्मार्ट सिटी के रूप में रायपुर का तेजी से बदलने लगा है स्वरूप : डॉ. रमन सिंह

रायपुर, 12 जनवरी (आरएनएस)। मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने कहा है कि रायपुर शहर का स्वरूप स्मार्ट सिटी के रूप में तेजी से बदलने लगा है। पहले देश के विकसित हो रहे 90 शहरों में से रायपुर शहर का स्थान 40-50वें नम्बर पर होता था, जो अब इसके सुनियोजित और व्यवस्थित विकास के फलस्वरूप रायपुर शहर का नाम देश के तीसरे नम्बर में होने लगा है। मुख्यमंत्री डॉ. सिंह ने आज शाम राजधानी रायपुर स्थित कटोरा तालाब संवर्धन परियोजना का लोकार्पण करते हुए यह बात कही। कार्यक्रम की अध्यक्षता सांसद रमेश बैस ने की। लगभग साढ़े पांच एकड़ रकबे में कटोरा तालाब का संवर्धन छत्तीसगढ़ पर्यावरण संरक्षण मंडल द्वारा प्रदत्त साढ़े तीन करोड़ रूपए की राशि से किया गया है। इस अवसर पर कृषि एवं जल संसाधन मंत्री बृजमोहन अग्रवाल, आवास एवं पर्यावरण मंत्री राजेश मूणत, विधायक चंद सुंदरानी, महापौर प्रमोद दुबे, रायपुर विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष संजय वास्तव और पर्यावरण संरक्षण मंडल के अध्यक्ष अमन कुमार सिंह सहित नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री डॉ. सिंह ने इस अवसर पर कहा कि राजधानी रायपुर को हरा-भरा और स्वच्छ तथा सुन्दर शहर बनाने के लिए हर संभव पहल की जा रही है। इसके तहत जनसुविधाओं के लिए आवश्यक संसाधन तेजी से विकसित किए जा रहे हैं। इनमें सुगम यातायात के लिए सड़क, बायपास रोड, एक्सप्रेस हाईवे ही नहीं, अपितु आधुनिकता के अनुरूप ऑक्सीजोन, ई-लाईब्रेरी, वाई-फाई, ओपन जिम तथा लोगों के मनोरंजन सुविधा के लिए उद्यानों के विकास पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। शहर को हरा-भरा बनाने हर साल काफी तादात में पौध रोपण किया जा रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. सिंह ने रायपुर शहर के विकास की कड़ी में कटोरा तालाब संवर्धन परियोजना में तेजी से हुए कार्य के लिए पर्यावरण संरक्षण मंडल सहित जिला कलेक्टर ओ.पी. चौधरी तथा आयुक्त नगर निगम रजत बंसल सहित जिला प्रशासन और नगर निगम के अधिकारियों-कर्मचारियों और पदाधिकारियों को बधाई दी।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए लोक सभा सांसद रमेश बैस ने कहा कि रायपुर शहर के विकास में दिनों-दिन काफी परिवर्तन दिखाई देने लगा है। यहां समय के अनुरूप ऑक्सीजोन, ई-लाईब्रेरी जैसे नये-नये कई महत्वपूर्ण संसाधन विकसित कर रायपुर शहर का सुनियोजित विकास किया जा रहा है। इनमें शहर के बीचों-बीच विकसित हो रहे ऑक्सीजोन की चर्चा संयुक्त राज्य अमेरिका के यू.एस. न्यूज जैसे खबरों में होने लगी है। कृषि एवं जल संसाधन मंत्री बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि रायपुर शहर के मध्य में लोगों को घूमने-फिरने के लिए मैरीन ड्राईव की तरह ही कटोरा तालाब का भी बहुत महत्व होगा। पर्यावरण मंत्री राजेश मूणत ने कहा कि रायपुर शहर छत्तीसगढ़ की राजधानी है और इसे स्मार्ट सिटी के रूप में पहचान देने के लिए विशेष जोर दिया जा रहा है।

Add a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »