गणतंत्र दिवस पर छह बहादुर बच्चों को मिलेगा राज्य वीरता पुरस्कार

रायपुर, 12 जनवरी (आरएनएस)। छत्तीसगढ़ राज्य बाल कल्याण परिषद ने वर्ष 2017-18 के राज्य वीरता पुरस्कारों की घोषणा कर दी है। इन पुरस्कारों के लिए निर्णायक मंडल की अनुशंसा पर प्रदेश के 6 बहादुर बच्चों का चयन किया गया है जिन्हें गणतंत्र दिवस के अवसर पर 26 जनवरी को राजधानी रायपुर के पुलिस मैदान में आयोजित मुख्य समारोह सम्मानित किया जाएगा। इन बच्चों ने अपनी जान की परवाह न करते हुए सूझबूझ और साहस से दूसरों की जान बचाई है। बच्चों को पुरस्कार में 15-15 हजार रूपए की नगद राशि, प्रशस्ति पत्र और चांदी के मेडल प्रदान किया जाएगा। कृषि मंत्री तथा राज्य वीरता पुरस्कार 2017-18 के निर्णायक मंडल के अध्यक्ष बृजमोहन अग्रवाल की अध्यक्षता में यहां मंत्रालय में आयोजित बैठक में इन बच्चों का चयन पुरस्कारों के लिए किया गया। पुरस्कारों के लिए 9 प्रस्ताव प्राप्त हुए थे। इनमें से पांच प्रस्तावों के 6 बच्चों का चयन राज्य वीरता पुरस्कार 2017-18 के लिए किया गया। बैठक में महिला एवं बाल विकास मंत्री रमशीला साहू, छत्तीसगढ़ राज्य बाल कल्याण परिषद के उपाध्यक्ष नरेशचंद्र गुप्ता, महासचिव डॉ. अशोक त्रिपाठी, कोषाध्यक्ष अजय त्रिपाठी, सदस्य इंदिरा जैन सहित एनसीसी, गृह विभाग, पुलिस विभाग (इंटेलीजेंस) के प्रतिनिधि उपस्थित थे।

Add a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »