लोकसभा चुनाव : प्रमोद दुबे को जीत दिलाने मैदान में उतरे विधायक विकास उपाध्याय-कुलदीप जुनेजा

रायपुर, 27 मार्च (आरएनएस)। लोकसभा चुनाव के मद्देनजर कांग्रेस का प्रचार अभियान अब जोर पकडऩे लगा है। इसी क्रम में कल रायपुर सीट से कांगे्रस के उम्मीदवार प्रमोद दुबे के पक्ष में शहर के दो विधायकों ने अपने-अपने इलाकों में सघन जनसंपर्क कर कांग्रेस प्रत्याशी के पक्ष में मतदान करने की अपील की।

रायपुर सीट से कांग्रेस के अधिकृत उम्मीदवार बनाए गए प्रमोद दुबे के साथ कल रायपुर पश्चिम विधानसभा सीट के विधायक विकास उपाध्याय तथा रायपुर उत्तर सीट के विधायक कुलदीप जुनेजा ने शहर भ्रमण कर प्रमोद दुबे के पक्ष में मतदान करने की अपील की। ज्ञात हो कि रायपुर पश्चिम क्षेत्र में वर्तमान विधायक विकास उपाध्याय ने भाजपा शासनकाल में कद्दावर मंत्री माने जाने वाले राजेश मूणत को पराजित कर राजनीति के पंडितों को भी सकते में डाल दिया था। इसी तरह कांग्रेस के ही विधायक कुलदीप जुनेजा का भी आमजनों से प्रत्यक्ष संवाद रहता है। श्री जुनेजा ने भी भाजपा प्रत्याशी को पराजित कर कांग्रेस के विजय रथ का पहिया आगे बढ़ाने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका अदा की थी। इस लिहाज से राजनीतिक विश्लेषकों की माने तो यदि विकास उपाध्याय और कुलदीप जुनेजा वर्तमान महापौर प्रमोद दुबे के पक्ष में प्रचार कर रहे हैं तो निश्चित रूप से प्रमोद दुबे को इससे काफी बेहतर रिजल्ट मिल सकता है। दूसरी ओर अन्य राजनीतिक दलों के प्रचार अभियान ने अभी जोर नहीं पकड़ा है। इस लिहाज से यह कहना भी गलत नहीं है कि कांग्रेस लोकसभा चुनाव में भी अन्य दलों से काफी आगे चल रहा है। चाहे बात चुनाव तैयारियों की हो, प्रत्याशी चयन का हो या फिर अब चुनाव प्रचार की बात हो, सभी बातों में कांग्रेस फिलहाल अन्य राजनीतिक दलों से आगे ही चल रही है।

Add a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »