बिहार में 39 राजग उम्मीदवारों की सूची जारी

नई दिल्ली ,23 मार्च (आरएनएस)। राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन ने शनिवार को बिहार में गठबंधन के 40 में से 39 उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी है। इसमें कई उलटफेर देखने को मिल रहा है। भाजपा के पटना साहिब से लोकसभा सांसद शत्रुघ्न सिन्हा की छुट्टी कर दी गई है। उनकी जगह पार्टी ने सीनियर नेता और केन्द्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद को मैदान में उतारा गया है।
बिहार की पटना साहिब सीट से भाजपा के टिकट पर दो बार से शत्रुघ्न सिन्हा सांसद हैं, लेकिन, वह पिछले कुछ वर्षों से भाजपा से असंतुष्ट चल रहे हैं। सिन्हा पिछले कई मौकों पर विरोधी पार्टियों के साथ दिखे और नोटबंदी, जीएसटी, किसानों की समस्याओं, बेरोजगारी और राफेल डील में भ्रष्टाचार जैसे कई मुद्दों पर नरेन्द्र मोदी सरकार पर निशाना साधते रहे हैं। सिन्हा को हाल में जनवरी में कोलकाता में हुई विपक्षी दलों की एकता रैली में हिस्सा लेते देखा गया। उसके बाद वे नई दिल्ली में विपक्षी दलों की रैली में भी शामिल हुए। राफेल डील पर मोदी सरकार पर हमला बोलते हुए सिन्हा ने कांग्रेस के नेतृत्व वाले विपक्षी दलों की तरफ से उठाए गए सवालों पर जवाब देने की मांग की थी। एनडीए की सूची में केन्द्रीय मंत्री और सीनियर बीजेपी नेता गिरिराज सिंह की नवादा लोकसभा सीट बदलकर उन्हें बेगूसराय संसदीय क्षेत्र से टिकट दिया गया है। इससे पहले लोकसभा सीट बदलने को लेकर चल रही कयासबाजी पर उन्होंने चिंता जाहिर की थी। नवादा लोकसभा सीट गठबंधन में सीट बंटवारे के तहत लोकजनशक्ति पार्टी को दी गई है। केन्द्रीय कृषि मंत्री राधा मोहन सिंह को एनडीए उम्मीदवार के तौर पर पूर्वी चंपारण से उतारा गया है। वह यहीं से वर्तमान लोकसभा सांसद है। एनडीए की यह सूची भाजपा के बिहार प्रभारी भूपेंद्र यादव ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में जारी की। इस दौरान जेडीयू के प्रदेश अध्यक्ष वशिष्ट नारायण सिंह और लोकजनशक्ति पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष पशुपति पारस भी मौजूद थे। इससे पहले, एनडीए के तीनों दलों के बीच सीट बंटवारे का ऐलान किया गया था। जिसके मुताबिक, बीजेपी और जेडीयू ने बिहार में 17-17 लोकसभा सीटों पर लडऩे का ऐलान किया था। जबकि, बाकी बची छह सीटें लोक जनशक्ति पार्टी को दी गई थी।
००

Add a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »