भाजपा में शामिल हुए सांसद बलभद्र मांझी

नई दिल्ली ,16 मार्च (आरएनएस)। ओडिशा की नबरंगपुर सीट से बीजू जनता दल (बीजेडी) के सांसद बलभद्र मांझी ने भारतीय जनता पार्टी का दामन थाम लिया है। बलभद्र मांझी ने हाल ही में बीजद से इस्तीफा दिया था। वहीं असम में भाजपा सांसद राम प्रसाद शर्मा ने पार्टी छोडकर भाजपा को झटका दिया है।
चुनावी मौसम में नेताओं के दल बदलने का सिलसिला जारी है। इसी के तहत शनिवार को यहां ओडिशा से बीजद सांसद बलभद्र मांझीे केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री धर्मेंद्र प्रधान, केंद्रीय मंत्री जुएल ओरम, ओडिशा के प्रभारी महासचिव अरुण सिंह और बैजयंत जय पांडा समेत अनेक वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में भाजपा में शामिल होने की घोषणा की, जिसके बाद उन्होंने पार्टी अध्यक्ष अमित शाह से मुलाकात की। धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि चूंकि बलभद्र मांझी रेलवे पृष्ठभूमि से हैं, इसलिए उन्होंने केंद्र और राज्य को एक साथ लाकर एक अनूठा मॉडल विकसित किया था। उनकी पार्टी ने उन्हें छोड़ दिया।.
गौरतलब है कि बीते कुछ दिनों में भाजपा से जुडऩे वाले बलभद्र मांझी बीजद के तीसरे नेता हैं। इससे पहले गुरुवार को ओडिशा से विधायक और बीजद सरकार में मंत्री रह चुके दामोदर राउत ने भी भाजपा का दामन थामा। ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने हाल ही में उन्हें कैबिनेट से निकाल दिया था। राउत से पहले बीजद के बैजयंत जय पांडा ने भी भाजपा का दामन थामा था, जिन्हें भाजपा ने लोकसभा और विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते जय पांडा को बड़ी जिम्मेदारी सौंपते हुए उन्हें पार्टी में उपाध्यक्ष और प्रवक्ता बनाया है।
भाजपा को झटका
लोकसभा चुनाव के पहले नेताओं के पार्टी छोडऩे और दल बदलने के जारी सिलसिला में ही असम के तेजपुर से भाजपा सांसद राम प्रसाद शर्मा ने भी पार्टी छोड़ दी है। शर्मा ने भाजपा छोड़ते हुए कहा कि पार्टी में नए घुसपैठियों के कारण पुराने कार्यकर्ताओं को नजरअंदाज किया जा रहा है। उधर भाजपा के श्यामाचरण गुप्त ने भाजपा का दामन छोड सपा की साइकिल पर सवारी को तरजीह दी, जिन्हें सपा ने बांदा से सपा का प्रत्याशी बना दिया है। इसी प्रकार शनिवार को जेडीएस के नेता दानिश ने बसपा में शामिल होने की घोषणा की है।
००

Add a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »