लोकसभा चुनाव के पूर्व कांग्रेस और तृणमूल को झटका

नई दिल्ली,14 मार्च (आनएनएस)। चुनावी सरगर्मी के बीच नेताओं के दल बदलने का सिलसिला भी तेज हो गया है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और मीडिया प्रभारी रहे टॉम वडक्कन ने भाजपा का दामन थाम लिया है। कानून मंत्री रविशंकर प्रसाद की मौजूदगी में वो भाजपा में शामिल हो गए। टॉम, केरल के रोमन कैथोलिक समुदाय से आते हैं। उन्होंने कांग्रेस में लंबी पारी खेली है। भाजपा में शामिल होने के बाद टॉम ने कहा कि उन्होंने कांग्रेस पार्टी इसलिए छोड़ी क्योंकि जब पाकिस्तानी आतंकवादियों ने हमारे देश पर हमला किया तो मेरी पार्टी की प्रतिक्रिया दुखी करने वाली थी। इसने मुझे गहरा दुख पहुंचाया। अगर कोई राजनीतिक दल ऐसी पोजिशन लेता है जो देश के खिलाफ हो तो मेरे पास पार्टी छोडऩे के अलावा कोई विकल्प नहीं बचता। कांग्रेस ने अपने प्रवक्ता टॉम वडक्कन के भाजपा में शामिल होने पर आज दुख जाहिर किया। कांग्रेस प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने कहा कि उन्हें हमारी शुभकामनाएं। उनके जाने का दुख है। आशा है कि वहां उनकी आकांक्षाएं पूरी होंगी। टीएमसी विधायक अर्जुन सिंह भी आज भाजपा में शामिल हो गए। उन्होंने मुकुल रॉय और कैलाश विजयवर्गीय की मौजूदगी में पार्टी की सदस्यता ली। अर्जुन सिंह ने कहा कि जो टीएमसी कभी मां, माटी और मानुष की बात करती है वहां अब सिर्फ मनी यानी पैसा चलता था। उत्तरी 24 परगना के भाटपाड़ा से चार बार के विधायक अर्जुन सिंह, बैरकपुर से लोकसभा का टिकट चाहते थे। लेकिन यहां ममता ने दिनेश त्रिवेदी को तरजीह दी।
००

Add a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »