पेयजल समस्या के निराकरण के लिए पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित करें : कलेक्टर

राजनांदगांव, 10 जनवरी (आरएनएस)। कलेक्टर भीम सिंह ने जिले के पेयजल समस्याग्रस्त क्षेत्रों एवं ग्रामों को चिन्हांकित कर पेयजल समस्या के निराकरण हेतु पुख्ता इंतिजाम सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए है। कलेक्टर भीम सिंह मंगलवार 9 जनवरी को कलेक्टोरेट सभाकक्ष राजनांदगांव में आयोजित निर्माण कार्यों से जुड़े विभागों के समीक्षा बैठक में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के अधिकारियों को उक्ताशय के निर्देश दिए है। कलेक्टर सिंह ने ग्रीष्म ऋतु के आगमन को देखते हुए गर्मी के मौसम में समस्याग्रस्त ग्रामों में पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित करने हेतु सभी तैयारियों को पूरी करने के साथ-साथ समुचित मात्रा में संबंधित उपकरणों का भी प्रबंध करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने सड़क विकास निगम के कार्यपालन अभियंता एवं अन्य अधिकारियों के बैठक में अनुपस्थिति पर गहरी नाराजगी व्यक्त करते हुए, उनके विरूद्ध कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश भी दिए है। बैठक में कलेक्टर भीम सिंह ने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के कार्यों के अलावा शिक्षा विभाग, जल संसाधन विभाग, लोक निर्माण विभाग, विद्युत एवं अक्षय ऊर्जा विभाग, सड़क विकास निगम आदि निर्माण कार्य से जुड़े विभागों के कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। इस दौरान कार्यपालन अभियंता जल संसाधन, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, जिला शिक्षा अधिकारी के अलावा निर्माण कार्यों से जुड़े विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
बैठक में कलेक्टर ने जिले के प्रत्येक विकासखंडों के पेयजल समस्याग्रस्त गांवों की संख्या के संबंध में जानकारी ली। इसके साथ ही उन्होंने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग द्वारा जिले में पेयजल समस्या के निराकरण हेतु किए जा रहे तैयारियों की भी समीक्षा की। इसके लिए उन्होंने समय पूर्व रणनीति बनाने के निर्देश भी दिए। सिंह ने पेयजल समस्याग्रस्त ग्रामों में पानी की समुचित प्रबंध सुनिश्चित करने हेतु सूखा राहत मद से राशि की मांग करने के लिए सचिव राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग छत्तीसगढ़ शासन को पत्र लिखने के निर्देश भी दिए। इसके अलावा उन्होंने पेयजल से संबंधित किसी भी प्रकार की समस्या से निपटने एवं त्वरित उपाय सुनिश्चित करने हेतु प्रत्येक विकासखंडों में 5-5 सबमर्सिबल पंप की भी व्यवस्था अनिवार्य रूप से कराने के निर्देश दिए।

Add a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »