नीतीश के करीबी और पार्टी प्रदेश अध्यक्ष जलेश्वर महतो कांग्रेस में शामिल

रांची ,30 दिसंबर (आरएनएस)। झारखंड में नीतीश कुमार की पार्टी जेडीयू को तगड़ा झटका लगा है। यहां पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष और पूर्व कैबिनेट मंत्री जलेश्वर महतो ने कांग्रेस का हाथ थाम लिया है। शनिवार को नई दिल्ली में कांग्रेस में शामिल होने के बाद महतो ने पार्टी अध्यक्ष राहुल गांधी से मुलाकात भी की। बता दें कि जलेश्वर को बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का बेहद करीबी माना जाता है।

बाघमारा से दो बार के विधायक महतो यहां बाबुलाल मरांडी और अर्जुन मुंडा की सरकार में कैबिनेट मंत्री रहे। यही वजह है कि 2019 विधानसभा चुनाव से पहले महतो का शामिल होना कांग्रेस के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

साफ छवि के राजनेता और नीतीश कुमार के करीबी महतो के कांग्रेस में जाने के पीछे एनडीए में टकराव को भी वजह माना जा रहा है। कांग्रेस में शामिल होने के बाद महतो ने बाघमारा से वर्तमान बीजेपी विधायक धुल्लू महतो पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि धुल्लू महतो वहां माफिया राज चला रहे हैं। जलेश्वर ने कहा कि बीजेपी सरकार के माफिया राज को उखाडऩे के लिए ही वह कांग्रेस में शामिल हुए हैं।

Add a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »