विस चुनाव परिणाम : शुरूआती रूझानों में छत्तीसगढ़ में कांग्रेस को निर्णायक बढ़त

रायपुर, 11 दिसंबर (आरएनएस)। राज्य में विधानसभा चुनाव परिणाम को लेकर मचे घमासान के बीच कांग्रेस को पूरे प्रदेश में अप्रत्याशित बढ़त मिलने से सत्तासीन भाजपा की सभी रणनीतियां ध्वस्त होती नजर आ रही है। दूसरी ओर भाजपा के कई दिग्गज पहले ही राउंड में काफी पीछे हो गए हैं।

सरगुजा संभाग की बात की जाए तो नेता प्रतिपक्ष टीएस सिंहदेव 5000 मतों से आगे चल रहे हैं, तो वहीं संभाग के सभी सीटोंा पर कांग्रेस पार्टी के प्रत्याशियों का पलढ़ा भारी नजर आ रहा है। बिलासपुर संभाग में सत्ताधारी दल भाजपा के कद्दावर मंत्री अमर अग्रवाल अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस के शैलेष पाण्डेय से पीछे चल रही हैं। वहीं भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष धरमलाल कौशिक बिल्हा विधानसभा सीट से आगे चल रहे हैं। बिलासपुर संभाग के अन्य विधानसभा सीटों में भी कांग्रेस का जोर देखने को मिल रहा है और यहां कांग्रेस के प्रत्याशी भाजपा से आगे चल रहे हैं। पूर्व मुख्यमंत्री अजीत जोगी मरवाही विधानसभा सीट से अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी भाजपा के उम्मीदवार से पीछे चल रहे हैं। अब तक मिले रूझानों के अनुसार अजीत जोगी तीसरे नंबर पर चल रहे हैं। अकलतरा विधानसभा सीट से बहुजन समाज पार्टी के उम्मीदवार और पूर्व मुख्यमंत्री अजीत जोगी की बहु श्रीमती ऋचा जोगी अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी भाजपा के सौरभ सिंह से कुछ मतों से आगे-पीछे चल रही हैं। वहीं कोटा विधानसभा क्षेत्र से श्रीमती रेणु जोगी सभी प्रत्याशियों को पछड़ाते हुए बढ़त बनाई हुई हैं। इधर राजधानी रायपुर संभाग के सभी विधानसभा सीटों पर ताजा रूझान में धरसींवा विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस के प्रत्याशी आगे निकलते हुए नजर आ रहे हैं। वहीं रायपुर ग्रामीण से कांग्रेस के उम्मीदवार और वरिष्ठ नेता सत्यनारायण शर्मा ने भाजपा के नंदे साहू को करीब 4000 मतों से पीछे कर दिया है। रायपुर दक्षिण विधानसभा सीट में भाजपा के कद्दावर मंत्री बृजमोहन अग्रवाल का मुकाबला कांग्रेस के कन्हैया अग्रवाल से हुआ है। यहां मंत्री बृजमोहन अग्रवाल आगे चल रहे हैं। बात राजधानी रायपुर पश्चिम विधानसभा सीट की करें तो यहां हुए कांटे के मुकाबले में भाजपा के कद्दावर मंत्री राजेश मूणत का मुकाबला कांग्रेस के युवा प्रत्याशी विकास उपाध्याय से हुआ है। ताजा रूझानों में विकास उपाध्याय ने बढ़त बनाई ली है, माना जा रहा है कि आगे के राउंड में भी यह बढ़त बरकरार रहेगी। राज्य की प्रमुख सीटों की बात की जाए तो मुख्यमंत्री डा. रमन सिंह राजनांदगांव विधानसभा सीट से अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी श्रीमती करूणा शुक्ला से बढ़त बना ली है, प्रारंभिक गिनती में डा. रमन सिंह पीछे चल रहे थे, लेकिन इसके बाद अचानक वे आगे निकल गए। बात भिलाई नगर विधानसभा सीट की जाए तो यहां भाजपा के कद्दावर मंत्री प्रेमप्रकाश पांडेय का मुकाबला भिलाई नगर निगम के महापौर और युवा प्रत्याशी देवेन्द्र यादव से है। प्रारंभिक रूझानों के अनुसार मंत्री प्रेमप्रकाश पांडेय ने अपने कांग्रेस के निकटतम प्रतिद्वंद्वी देवेन्द्र यादव से निर्णायक बढ़त बनाई हुई है।

जांजगीर-चांपा जिले के शक्ति विधानसभा सीट से पूर्व केबिनेट मंत्री डा. चरणदास महंत अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी भाजपा के मेघाराम साहू से आगे निकल गए हैं। कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष भूपेश बघेल अपने निर्वाचन क्षेत्र पाटन विधानसभा सीट से निर्णायक बढ़त बनाए हुए हैं। कांग्रेस की एकमात्र सांसद ताम्रध्वज साहू जो कि इस बार दुर्ग ग्रामीण विधानसभा सीट से चुनाव लड़ रहे हैं, उन्हें अपने निकटतम भाजपा प्रतिद्वंद्वी जागेश्वर साहू से कांटे की टक्कर मिल रही है। प्रदेश ही नहीं देश की नजरें इस समय छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के खरसिया विधानसभा सीट पर टिकी हुई हैं। यहां पूर्व आईएएस अफसर और भाजपा प्रत्याशी ओपी चौधरी का मुकाबला कांग्रेस के युवा नेता उमेश पटेल से है। यहां उमेश पटेल करीब 4200 मतों के अंतर से आगे चल रहे हैं।

 

Add a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »