प्रदेश के किसानों को दीपावली के पहले मिलेगा बोनस

0-शाम तक आदेश भी होगा जारी
0-पार्टी की ऐतिहासिक बैठक के बाद मुख्यमंत्री ने की घोषणा
0-बोनस मामले में अब मुद्दा विहीन हुई कांग्रेस
रायपुर, 31 अगस्त (आरएनएस)। छत्तीसगढ़ भारतीय जनता पार्टी के द्वारा आज आयोजित विधायक दल, मंत्रिमंडल, संगठन के पदाधिकारी और निगम-मंडलों के अध्यक्ष व प्रदेश के सांसदों के साथ मुख्यमंत्री डा. रमन सिंह की आज अचानक आयोजित की गई बैठक में प्रदेश में होने वाले आगामी विधानसभा चुनाव 2018 को लेकर गहन मंत्रणा के पश्चात आखिरकार मुख्यमंत्री ने दो वर्षों से प्रदेश के किसानों के लिए की गई घोषणा बोनस के संबंध में पुन: लागू करने का निर्णय लिया गया है। मुख्यमंत्री डा. रमन सिंह ने बोनस की घोषणा करते हुए कहा कि प्रदेश के 13 लाख किसानों को लगभग 2100 करोड़ का धान का बोनस दीपावली के पूर्व प्रदान कर दिया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि शासन स्तर पर आज ही इस संबंध में विधिवत आदेश जारी कर दिया जाएंगे। आज आयोजित बैठक को लेकर पूरे प्रदेश में अलग-अलग कयास लगाए जा रहे थे। पहली बार प्रदेश में आनन-फानन में प्रदेश के विधायकों, मंत्रियों संगठन के पदाधिकारियों सहित वरिष्ठ आला नेताओं को बैठक में बुलाया गया था। इसे लेकर प्रदेश भर में बीती रात से राजनीतिक चर्चाओं का बाजार पूरी तरह से गर्म था। लेकिन आज कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में इस बड़ी बैठक के बाद मुख्यमंत्री ने किसानों के हित में यह बड़ी घोषणा करके सबको चौंका दिया है। धान के बोनस मामले को लेकर कांग्रेस की ओर से लगातार सरकार पर दबाव बनाया जाता रहा है। विधानसभा में भी इस मामले को लेकर कांग्रेस ने कई बार हंगामा किया था। आखिर भाजपा सरकार ने धान बोनस के मुद्दे को ठीक चुनाव के एक वर्ष पूर्व समाप्त कर कांग्रेस को अब लगभग मुद्दा विहीन कर दिया है। पूरे प्रदेश में सरकार के इस फैसले को लेकर उत्साह का वातावरण निर्मित हो गया है। भाजपा ने किसानों से जुड़े प्रकोष्ठ के नेताओं में इसकी घोषणा होते ही प्रदेश भाजपा कार्यालय में फटाखे फोड़े व कार्यकर्ताओं को मिठाईयां बांटी। वहीं कई किसान नेताओं ने मुख्यमंत्री डा. रमन सिंह का फूल-मालाओं से स्वागत भी किया।

Add a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »