कांग्रेस-भाजपा ने किया स्पष्ट बहुमत मिलने का दावा

रायपुर, 22 नवंबर (आरएनएस)। 20 नवंबर को राज्य में द्वितीय चरण के मतदान समाप्ति के बाद अब राजनीतिक दलों की बेचैनी बढ़ गई है। राज्य के अंदर सत्तासीन भाजपा जहां स्पष्ट बहुमत मिलने और सरकार बनाने का दावा कर रही है तो वहीं इस मामले में कांग्रेस भी पीछे नहीं है। कांग्रेस ने भी राज्य में स्पष्ट बहुमत मिलने और निश्चित रूप से कांग्रेस की सरकार बनने का दावा किया है।
राज्य में दो चरणों के साथ ही विधानसभा चुनाव 2018 संपन्न हो चुका है। राज्य के प्रमुख विपक्षी दल कांग्रेस ने इस बार स्पष्ट बहुमत मिलने के साथ कांग्रेस की सरकार बनने का दावा किया है। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि 15 साल के कार्यकाल में भाजपा के दावों की पोल खुल चुकी है। राज्य की जनता विकास के खोखले दावों और राज्य सरकार के विभिन्न भ्रष्टाचार और घपले-घोटालों को समझ चुकी है। लिहाजा इस बार भाजपा शासन से त्रस्त राज्य की जनता ने उत्साहपूर्वक मतदान में भाग लेकर मौजूदा सरकार के रवानगी तय कर दी है। इधर पीसीसी चीफ भूपेश बघेल ने पहले ही दावा कर दिया था कि इस बार भाजपा की विदाई तय है। उन्होंने कहा कि राज्य में भाजपा के विरुद्ध माहौल है और कांग्रेस के पक्ष में लहर है। राज्य की जनता भी चाहती है कि अब परिवर्तन जरूरी है, लिहाजा इस बार मतदाताओं ने निश्चित रूप से परिवर्तन की उम्मीद लेकर मतदान किया है।
ईवीएम खराबी से घटा मतदान प्रतिशत
इधर राज्य भर से ईवीएम मशीनों के ऐन मतदान के समय खराब होने की शिकायतें भी लगातार मिलती रही। जानकारों की माने तो राज्य निर्वाचन आयोग ने भी माना है कि करीब 500 ईवीएम मशीनें खराब हुई थी। लेकिन कांगे्रस का कहना है कि यह अधिकृत आंकड़ा है, इससे ज्यादा ईवीएम मशीनें खराब हुई है। इस लिहाज से इस बार विधानसभा चुनाव में कुल मिलाकर 76.34 प्रतिशत मतदान रिकार्ड किया गया, यह आंकड़ा बढ़ सकता था। ईवीएम खराब होने से कई मतदाता घर लौट गए थे।

Add a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »