सरकार बनी तो दस दिनों में किसानों का कर्जा माफ : आरपीएन सिंह

रायपुर, 15 नवंबर (आरएनएस)। कर्नाटक की तर्ज पर छत्तीसगढ़ में किसानों का कर्जा माफ होगा, हाथ में गंगाजल लिए कांग्रेस नेताओं के साथ कसम खाते हुए यह बातें आज पूर्व गृहराज्य मंत्री आरपीएन सिंह ने कही।

कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में आयोजित एक प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए पूर्व गृहराज्य मंत्री आरपीएन सिंह ने कहा कि गंगा मैया की कसम, राज्य में कांग्रेस की सरकार बनी तो 10 दिनों के भीतर किसानों का कर्जा माफ कर दिया जाएगा। राहुल गांधी के इस वायदे पर जहां भाजपा नेताओं ने मोर्चा खोल दिया है और इस वायदे को झूठा बताने के लिए लगातार बयान दे रहे हैं तो वहीं आरपीएन सिंह ने कहा कि कांग्रेस अपना वायदा जरूर पूरा करेगी। इन दिनों राहुल गांधी के इस वायदे पर जमकर कोहराम मचा हुआ है। भाजपा के नेता इसे झूठा वायदा बता रहे हैं तो वहीं कांग्रेसी इसे सच साबित करने में जुटे हुए हैं। राहुल गांधी के इस वायदे पर पिछले दिनों भाजपा नेत्री स्मृति ईरानी ने कहा था कि कर्नाटका में कर्ज वसूली के लिए किसानों को गिरफ्तार किया जा रहा है, वहीं आज केन्द्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने भी कह दिया कि कांग्रेस किसानों का कर्जा माफ नहीं कर रही है, बल्कि किसानों के खिलाफ वारंट जारी हो रहा है। इधर राज्य के दौरे पर पहुंचे आरपीएन सिंह को जब यह बात पता चली तो उन्होंने आज प्रेसवार्ता में अनोखे ढंग से भाजपा नेताओं के बयानों पर कटाक्ष किया। उन्होंने गंगाजल हाथ में लेकर कसम खाई कि कांग्रेस की सरकार बनी तो 10 दिनों में किसानों का कर्जा माफ होगा। उन्होंने कहा कि राज्य की भाजपा सरकार ने राज्य के किसानों को समर्थन मूल्य में एक-एक दाना धान खरीदने, बोनस देने का वायदा किया था, भाजपा खुद झूठी है और दूसरों को झूठा साबित करने में तुली हुई है।

Add a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »