भाजपा छोड़कर कांग्रेस में शामिल हुए शिवराज के साले संजय

नई दिल्ली,03 नवंबर (आरएनएस)। मध्य प्रदेश चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी को झटका लगा है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चैहान के साले संजय सिंह ने बीजेपी को छोड़कर कांग्रेस का हाथ थाम लिया है। सजय सिंह कांग्रेस में शामिल हो गए हैं। कहा जा रहा है कि वो टिकट ना मिलने से नाराज थे इसलिए उन्होंने पार्टी छोड़ दी।
शनिवार को यहां कांग्रेस मुख्यालय में कांग्रेस में शामिल होते ही संजय ने कमलनाथ की जमकर की तारीफ की और शिवराज पर निशाना साधा, कमलनाथ की तरीफ में उन्होंने कहा कि अब एमपी को शिवराज की नहीं कमलनाथ की जरूरत है। संजय सिंह ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ की मौजूदगी में कांग्रेस में शामिल हुए। शामिल होने के तुरंत बाद ही उन्होंने बीजेपी पर करारा हमला बोला और कहा कि बीजेपी में वंशवाद फैला हुआ है। कार्यकर्ताओं की मेहनत को दरकिनार कर नेताओं के पुत्रों को जगह दी जा रही है।
गौरतलब है कि शुक्रवार को ही बीजेपी ने मध्य प्रदेश विधानसभा चुनावों के लिए 177 उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की मौजूदगी और भाजपा अध्यक्ष अमित शाह की अध्यक्षता में हुई पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में इन नामों को स्वीकृति दी गई। मध्य प्रदेश के लिए 177 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की गई है। पहली सूची में मंत्री माया सिंह समेत तीन मंत्रियों के टिकट काट दिए गए हैं। सिंह की विधानसभा सीट ग्वालियर पूर्व से पार्टी ने सतीश सिकरवार को प्रत्याशी बनाया है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चैहान अपनी पुरानी सीट बुधनी से ही चुनाव लड़ेंगे जबकि यशोधरा राजे सिंधिया को शिवपुरी से उम्मीदवार बनाया गया है। सांसद मनोहर ऊंटवाल आगर से चुनाव लड़ेंगे वहीं सांसद नागेंद्र सिंह नागोद से चुनाव लड़ेंगे।
००

Add a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »