मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर स्टेडियम में एथलैटिक ट्रैक बनाने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि सिंथेटिक एथलैटिक ट्रैक बनाने से यहाँ एथलेटिक्स में अच्छा माहौल बनेगा। उन्होंने कहा कि यह इतना सुंदर स्टेडियम है कि यहां इंडोर तथा आउटडोर सभी प्रकार के खेलों के लिए अच्छा वातावरण बनेगा।
प्रभारी मंत्री श्री मूणत ने अपने संबोधन में कहा कि जब मुख्यमंत्री स्टेडियम परिसर का अवलोकन कर रहे थे तब मैं उस समय को याद कर रहा था जब उन्होंने भूमिपूजन किया। इसके बाद से ही 21 महीनों के कठिन श्रम से 54 करोड़ रुपए का यह भव्य स्टेडियम तैयार हो गया। कल शाम ही यहाँ पिकनिक सा माहौल बन गया था। कम से कम सात-आठ सौ परिवारों की उपस्थिति यहां पर थी। यह जश्न जैसा माहौल था। फेसबुक और ट्विटर में सेल्फियों से जबर्दस्त माहौल पहले ही तैयार हो गया था।
सांसद श्री अभिषेक सिंह ने कहा कि आज यह भव्य स्टेडियम तैयार हुआ है। इसके लिए पूरा शहर मुख्यमंत्री को दुआ दे रहे हैं। इससे खेल के लिए यहाँ बहुत बेहतर वातावरण तैयार होगा। इस मौके पर महापौर श्री मधुसूदन यादव ने कहा कि आज मेडिकल कॉलेज एवं स्टेडियम की जो सौगात मुख्यमंत्री ने दी है, वह राजनांदगांव के लोगों के लिए अविस्मरणीय रहेगी। इस अवसर पर शिवगंगा महाआरती आयोजित समिति राजनांदगांव के प्रतिनिधि मंडल ने मुख्यमंत्री डॉ. सिंह और लोकसभा सांसद श्री अभिषेक सिंह को स्मृति चिन्ह भेंट किया। इस समिति द्वारा राज्य की सबसे लंबी शिवनाथ नदी के संरक्षण एवं संवर्धन हेतु लोगों जोड़ने के लिए शिवगंगा महाआरती प्रारंभ की गई है।