जिला निर्माण से बदला सुकमा का इतिहास : डॉ. रमन सिंह

रायपुर, 16 सितम्बर (आरएनएस)। मुख्यमंत्री डॉ रमन सिंह ने कहा है कि जिला निर्माण के सिर्फ छह साल के भीतर सुकमा का इतिहास बदल गया है। उन्होंने आज शाम अटल प्रदेशव्यापी विकास यात्रा के दौरान जिला मुख्यालय सुकमा में एक विशाल आमसभा को सम्बोधित करते हुए इस आशय के विचार व्यक्त किए।
डॉ. सिंह ने आमसभा में सुकमा जिला निर्माण के ऐतिहासिक दिन को विशेष रूप से याद किया। उन्होंने कहा – 16 जनवरी 2012 को उस वक्त सुकमा का इतिहास बदला, जब इस इलाके को जिले का दर्जा मिला। इसके पहले सुकमा एक छोटा तहसील मुख्यालय हुआ करता था। जिला बनने के बाद यहां आम जनता के लिए विभिन्न सुविधाओं के साथ विकास के नये दरवाजे खुले। कलेक्टोरेट और जिला पंचायत कार्यालय और जिला अस्पताल भवन सहित लगभग 32 विभागों के जिला स्तरीय कार्यालय यहां शुरू हो गए। शिक्षा के क्षेत्र में भी सुकमा जिला तेजी से आगे बढ़ रहा है। नई पीढ़ी के लिए एजुकेशन हब का निर्माण हुआ। आज छह साल बाद अगर कोई पहली बार सुकमा आएगा, तो इसकी बदली हुई तस्वीर देखकर इसे पहचान नहीं पाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा- अपने रजत जयंती वर्ष अर्थात 2025 के आते तक छत्तीसगढ़ देश के तीन सर्वाधिक अग्रणी राज्यों की श्रेणी में शामिल हो जाएगा। डॉ. सिंह आज शाम राज्य के सुदूर दक्षिण में अंतिम छोर के जिला मुख्यालय सुकमा में प्रदेशव्यापी अटल विकास यात्रा के दौरान विशाल जनसभा को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने इस अवसर पर सुकमा जिले के विकास के लिए 217 करोड़ 75 लाख रूपए के 34 निर्माण कार्याें का लोकार्पण, भूमिपूजन और शिलान्यास किया। आमसभा में विभिन्न योजनाओं के तहत 59 हजार 253 हितग्राहियों को 39 करोड़ 65 लाख रूपए की सामग्री तथा अनुदान राशि का भी वितरण किया गया।

Add a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »