शीतलहर की चपेट में छत्तीसगढ़

सरगुजा बिलासपुर और दुर्ग संभाग के कई स्थानों में पारा पांच डिग्री तक

रायपुर, 29 जनवरी (आरएनएस)। देश के कई राज्यों में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। इधर छत्तीसगढ़ में अभी शीतलहर के हालत बने हुए हैं। जिसके चलते सामान्य जनजीवन प्रभावित हुआ है। वहीं अभी इस महीने ठंड से राहत मिलने के आसार कम है।
छत्तीसगढ़ के कई शहरों में रात के तापमान में लगातार गिरावट आई है। जशपुर के पत्थलगांव इलाके में पारा 5 डिग्री से नीचे पहुंच गया। इधर राजधानी रायपुर में न्यूनतम तापमान 8 डिग्री दर्ज किया गया। गौरतलब है कि प्रदेश के कई शहरों में तापमान 10 डिग्री से कम है। कई जिलों में रात के तापमान में जबरदस्त गिरावट हुई।
इधर कोरिया जिले के बैकुंठपुर में न्यूनतम तापमान 5 डिग्री दर्ज किया गया। छत्तीसगढ़ से सटे अमरकंटक में भी पारा 5 डिग्री दर्ज किया गया। गौरतलब हो कि प्रदेश का मौसम साफ है वहीं दोपहर में तिखी धूप पड़ रही है। बावजूद भी दिन में भी ठंड से राहत नहीं मिल रही है। सरगुजा, बिलासपुर और दुर्ग संभाग में आज शीतलहर चलने की संभावना है। संभावना जताई जा रही है कि अगले महीने से ठंड से राहत मिल सकती है।
चिल्फी घाटी और मैनपाट के खेतों में बिछी बर्फ की चादर
कबीरधाम जिले के घाटियों और जंगलों के बीच स्थित चिल्फी घाटी इन दिनों फिर सुर्खियों पर हैं। प्रकृति की गोद में यहां अद्भूत नजारे देखने को मिलते हैं। लगातार पड़ रही ठंड के कारण शनिवार सुबह चिल्फी घाटी के खेतों की बालियों में और छोटे पौधों के पत्तियों में बर्फ की पतली परत जम गई। इधर मैनपाट से सटे कई गांवों के खेतों में भी इसी प्रकार की स्थिति देखी गई है।
पेंड्रा और कोटा में भारी ठंड
छत्तीसगढ़ के नवनिर्मित पेंड्रा गौरेला जिले के कुछेक इलाकों में भारी ठंड पड़ रही है। वहीं छोटे पहाड़ों के बीच बसा कोटा नगर में भी ठंड के कारण लोगों को रात के समय अलाव का सहारा लेना पड़ रहा है। इन स्थानों में न्यूनतम तापमान पांच डिग्री तक दर्ज की गई है। वहीं बिलासपुर, कटघोरा और कोरबा के सतरेंगा और बालको में भी औसत से कम तापमान दर्ज की गई है।
त्रिपाठी

Add a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »