योगी मंत्रिमंडल का हुआ विस्तार

0- जातिगत समीकरण का विशेष ध्यान
0 – जितिन को कैबिनेट , 6 को राज्यमंत्री
लखनऊ ,26 सितंबर (आरएनएस)। विधानसभा चुनाव के पांच महीने पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बहुप्रतीक्षित मंत्रिमंडल विस्तार कर डाला। इस विस्तार में पूर्व केंद्रीय राज्यमंत्री जितिन प्रसाद को कैबिनेट और अन्य छह को राज्यमंत्री की शपथ दिलाई गई।
रविवार की शाम राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने राजभवन के गांधी सभागार में सभी नए मंत्रियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। सबसे पहले जितिन प्रसाद, छत्रपाल गंगवार, पलटू राम, संगीता बलवंत बिंद, संजीव गौड़, दिनेश खटीक और अंत में धर्मवीर प्रजापति ने शपथ ली। इस सादे समारोह में मुख्यमत्री योगी आदित्यनाथ, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य समेत वरिष्ठ मंत्रीगण मौजूद रहे। विस्तार में मुख्यमंत्री ने भाजपा के ही नेताओं व विधायकों पर भरोसा जताया। कुछ माह पूर्व ही भाजपा में शामिल हुए जितिन प्रसाद को कैबिनेट का दर्जा मिलना पहले से ही तय माना जा रहा था।
मंत्रिमंडल विस्तार से पहले सरकार में मुख्यमंत्री समेत 23 कैबिनेट मंत्री, नौ राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार और 21 राज्यमंत्री थे। विधानसभा में कुल 403 विधायक होने के कारण नियमानुसार 60 मंत्री बनाये जा सकते हैं। ऐसे में शेष सात पदों को रविवार को भरकर साठ तक संख्या पहुंचा दी गई।
19 मार्च 2017 को सरकार गठन के बाद 22 अगस्त 2019 को योगी सरकार ने मंत्रिमंडल विस्तार किया था। उस दौरान मंत्रिमंडल में 56 सदस्य थे। कोरोना काल में कैबिनेट मंत्री चेतन चौहान और कमल रानी वरुण के अलावा राज्यमंत्री विजय कुमार कश्यप की मौत हो गई थी। जिससे मंत्रिमंडल में 53 मंत्री ही रह गए थे।
नए मंत्रियों का परिचय
जितिन प्रसाद , कैबिनेट मंत्री
– 2004 में शाहजहांपुर और 2009 में धौरहरा सीट पर कांग्रेस से सांसद चुने गए। 2008 से 2014 तक केंद्रीय राज्यमंत्री रहे। 2014 और 2019 में धौरहरा से लोकसभा और 2017 के तिलहर से विधानसभा चुनाव हारे। तीन माह पहले भाजपा में शामिल।
छत्रपाल गंगवार , राज्यमंत्री
– बरेली जिले की बहेड़ी सीट से भाजपा विधायक हैं। 2017 में दूसरी बार विधायक चुने गए थे। बीजेपी के वरिष्ठ नेता हैं। 1980 से संघ में सक्रिय, प्रचारक भी रह चुके हैं।
पलटू राम ,राज्यमंत्री
बलरामपुर सदर(सुरक्षित) सीट से पहली बार विधायक बने। पत्नी ज्ञानमती गोंडा जिला पंचायत अध्यक्ष रह चुकी हैं। खटीक बिरादरी से हैं।
संगीता बिंद , राज्यमंत्री
– गाजीपुर जिले की सदर सीट से पहली बार विधायक। छात्र राजनीति और पंचायत की राजनीति से सक्रिय राजनीति में आईं।
संजीव कुमार
-सोनभद्र के ओबरा सीट से पहली बार विधायक हैं। आदिवासी समुदाय से आते हैं। पत्नी लीला देवी वर्तमान में चोपन ब्लाक प्रमुख हैं।
दिनेश खटीक
-मेरठ के हस्तिनापुर सीट से विधायक हैं। खटीक (सोनकर) समाज से आते हैं। खुद भी संघ के स्वयंसेवक रहे और पिता भी संघ से जुड़े रहे।
धर्मवीर प्रजापति
– धर्मवीर हाथरस से आते हैं। विधान परिषद सदस्य हैं। 2021 में ही विधान परिषद में पहुंचे हैं। माटी कला बोर्ड के अध्यक्ष भी हैं।
००

Add a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »