कांग्रेस में कुर्सी की दौड़ चल रही है, पूरा प्रशासन पंगु हो गया है – डॉ.रमन सिंह

जगदलपुर, 02 सितंबर (आरएनएस)। भारतीय जनता पार्टी के चिंतन शिविर के समापन के बाद राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री डॉ.रमन सिंह, प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदेव साय, नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक और पूर्व मंत्री बृजमोहन अग्रवाल के साथ डॉ. रमन सिंह ने आज पत्रकार वार्ता में कहा कि चिंतन शिविर में वर्ष 2023 में होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए रणनीति तैयार की गई है। उन्होने कहा कि चिंतन शिविर हम यहां कर रहे हैं, चिंता कांग्रेस में पसरी हुई है। कांग्रेस में कुर्सी की दौड़ चल रही है, ये नहीं पता कि कांग्रेस का मुख्यमंत्री कौन होगा? पूरा प्रशासन पंगु हो गया है। सरकार के संरक्षण में हो रहे धर्मान्तरण विगत ढाई वर्षों में राज्य में तेजी से बढ़ा है। नक्सलवाद की व्यापकता बढ़ती जा रही है। सिलगेर में गोलीकांड को लेकर आदिवासियों में नाराजगी है।
उन्होंने चिंतन शिविर के संबध में बताते हुए कहा कि 08 सत्रों में चर्चा हुई, सामूहिक निर्णय लिए गए हैं, इसके अलावा मुद्दों की पहचान की गई है। इसके साथ ही सभी मोर्चा-प्रकोष्ठों को गतिशील किए जाने की रणनीति बनी है। शक्ति केंद्र और बूथ स्तर तक संगठन को गतिशील किया जाएगा, यदि इसमें गतिशीलता नहीं लाई गई तो लक्ष्य हासिल नहीं होगा।
डॉ. सिंह ने कहा कि राज्य में आज भी किसानों को खाद और बिजली नहीं मिल रही है। हम सरकार से मांग करते हैं कि अकाल की स्थिति को देखते हुए सरकार राहत की घोषणा करें। कांग्रेस की जन घोषणा पत्र को लेकर उन्होने कहा कि हमारा स्पष्ट मानना है कि जनता से यदि कांग्रेस की सरकार ने वादा किया है तो उन वादों को पूरा करना होगा, नहीं तो जनता इसका हिसाब करेगी। कांग्रेस की सरकार जनता की आंखों में धूल झोंका रही है। बेरोजगारी भत्ता, शराबबंदी जैसे कई वादों पर सरकार फेल हुई है।

Add a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »