छत्तीसगढ़ में राजीव गांधी की जयंती पर किसानों के बैंक खातों में किया 1522 करोड़ रूपए का भुगतान

 

रायपुर, 20 अगस्त (आरएनएस)। छत्तीसगढ़ की भूपेश सरकार ने राजीव गांधी किसान न्याय योजना के तहत एक बार फिर किसानों को बड़ी सौगात दी है। मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल ने पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय श्री राजीव गांधी जी की जयंती के मौके पर राज्य के करीब 21 लाख किसानों के बैंक खातेमें 1522 करोड़ रूपए का भुगतान किया। इस अवसर पर गोधन न्याय योजना के अंतर्गत पशुपालकों से क्रय किए गए गोबर तथा गौठान समितियों एवं महिला स्व-सहायता समूहों को 3 करोड़ 49 लाख रूपए की राशि का ऑनलाइन ट्रांसफर किया।इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री बघेल ने कहा कि हमने छत्तीसगढ़ में राजीव गांधी जी के गरीबी उन्मूलन तथा आत्मनिर्भर भारत निर्माण के दृष्टिकोण को अपनाया है। उनके बताए रास्ते पर चलते हुए राज्य सरकार ने गरीबों, किसानों, आदिवासियों सहित सभी वर्गों के लोगों के लिए अनेक कल्याणकारी कार्यक्रम और योजनाएं शुरू की हैं। किसानों को उनकी उपज का वाजिब मूल्य दिलाने के लिए ‘राजीव गांधी किसान न्याय योजनाÓ शुरू की गयी है। सरकार ने खरीफ सीजन 2021 से इस योजना का दायरा बढ़ाते हुए इसमें धान के साथ-साथ अन्य खरीफ फसलों को शामिल किया है। इसके साथ ही राज्य के ग्रामीण अंचल के भूमिहीन कृषि मजदूरों को आर्थिक मदद देने के लिए राजीव गांधी ग्रामीण भूमिहीन कृषि मजदूर न्याय योजना शुरू की जा रही है। इस योजना के तहत ग्रामीण अंचल के ऐसे परिवारों को 6000 रूपए प्रतिवर्ष दिए जाएंगे, जिनके पास खेती की जमीन नहीं है और वे मनरेगा या कृषि मजदूरी से जुड़े है।राजीव गांधी किसान न्याय योजना अंतर्गत वर्ष 2020-21 में धान तथा गन्ना उत्पादक किसानों को फसल उत्पादन प्रोत्साहन आदान सहायता के रूप में राज्य के करीब 21 लाख किसानों को 5600 करोड़ रूपए से अधिक की राशि 4 किस्तों में दी जा रही है। किसानों को प्रथम कि़स्त के रूप में 1525 करोड़ 97 लाख रूपए का भुगतान उनके खाते में किया गया था। वहीं, द्वितीय कि़स्त के रूप में 1522 करोड़ 3 लाख रूपए की राशि उनके बैंक खातों में अंतरित की गयी। उल्लेखनीय है कि राज्य में किसानों को उनकी उपज का वाजिब मूल्य दिलाने, खरीफ फसलों की उत्पादकता एवं फसल विविधिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से राजीव गांधी किसान न्याय योजना वर्ष 2020 में लागू की गई।

 

Add a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »