रायपुर 14 जून (आरएनएस)। वर्ष  2019 -20 और 2020-21 के धान उठाव की धीमी गति को कलेक्टर रायपुर सौरभ कुमार ने गम्भीरता से लेते हुए, जिले के राइस मिलर्स को निर्देशित किया है कि वे शासन के निर्देशों के अनुरूप धान उठाव के कार्य को सर्वोच्च प्राथमिकता दंे तथा आने वाले एक सप्ताह में धान उठाव को और गति दें।उल्लेखनीय है कि रायपुर जिले में 130 अरवा और 70 उसना चाँवल बनाने वाली मिलें है। 130 मिलर्स भारतीय खाद्य निगम के अलावा राज्य शासन को सार्वजनिक वितरण प्रणाली के लिए चाँवल उपलब्ध कराते है। ये चाँवल नागरिक आपूर्ति निगम में जमा होता है। उसना मिलर्स भारतीय खाद्य निगम को उसना चाँवल प्रदाय करते है। पिछले कुछ समय से राइस मिलर्स द्वारा अरवा और उसना चाँवल बनाने के लिए धान का उठाव करने में गति धीमी की गई है।  जिसके कारण 2019-20 और 2020-21का धान समिति और संग्रहण केंद्र में रखा हुआ है। खाद्य, सहकारिता, जिला सहकारी बैंक, मार्कफेड के अधिकारियों की बैठक लेकर धान उठाव में गति लाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने राइस मिलर्स पर मिलवार निगरानी रखने हेतु सहायक खाद्य अधिकारियों, खाद्य निरीक्षकों को निरीक्षण कर धान उठाव  में तेजी लाने के निर्देशित किया है।