अमित शाह ने भरी हुंकार : राज्य में जीत ही काफी नहीं, प्रचंड जीत के साथ कांग्रेस को उखाड़ फेंकना हमारा लक्ष्य

अंबिकापुर-रायपुर, 10 जून (आरएनएस)। छत्तीसगढ़ में इस बार न केवल चौथी बार भाजपा की सरकार बनानी है, बल्कि प्रचंड विजय के साथ छत्तीसगढ़ से कांग्रेस को पूरी तरह से उखाड़ फेंकना है। देश की राजनीति में ऐसी कोई भी पार्टी नहीं है जो चुनाव आने पर जनता के समक्ष जाकर अपने कामकाज का हिसाब-किताब दे। यह केवल भाजपा ही कर सकती है, और रमन सिंह की सरकार कर सकती है। रमन सिंह की सरकार ने चुनाव के पूर्व अपने कामकाज का हिसाब देने विकास यात्रा निकाली है और जनता को अपने कामकाज का हिसाब दिया है।
उक्त बातें आज अंबिकापुर में आयोजित विकास यात्रा में शामिल होने पहुंचे भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने कही। श्री शाह ने कहा कि आज अंबिकापुर में जुटी इतनी अधिक भीड़ देखकर यह स्पष्ट है कि इस बार भी छत्तीसगढ़ में भाजपा ही जीतेगी। उन्होंने आम जनता और कार्यकर्ताओं का आव्हान करते हुए कहा कि इस बार केवल जीत से काम नहीं चलेगा। बल्कि प्रचंड विजय के साथ छत्तीसगढ़ से कांग्रेस को भी उखाड़ फेंकना है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डा. रमन सिंह के नेतृत्व में भाजपा सरकार ने इतने सालों में कोई काम ऐसा नहीं किया कि भाजपा के कार्यकर्ताओ को सिर झुकाना पड़े। उन्होंने कहा कि सरकार को इतना आशीर्वाद मिला कि आज छत्तीसगढ़ के हर घर में खुशहाली पहुंच रही है। उन्होने कहा कि विकास यात्रा के 18 दिनों में 50 से ज्यादा विधानसभा क्षेत्रों में तथा 4 हजार किलोमीटर से अधिक की यात्रा कर सरकार के मुखिया ने अपने कामकाज का हिसाब जनता के सामने रखा है।
राहुल पर साधा निशाना :
अमित शाह ने कहा कि वे कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी का भाषण सुन रहे थे, जिसमें वे केन्द्र सरकार से चार साल का हिसाब पूछ रहे थे। श्री शाह ने कहा कि देश में उनके परिवार ने 55 सालों तक राज किया। हिसाब से उन्हें देश की जनता को देनी चाहिए। उन्होंने कहा कि आज देश की जनता चार सालों का नहीं, बल्कि चार पीढिय़ों का हिसाब मांग रही है। उन्होने कहा कि देश ने 55 सालों में विकास क्यों नहीं किया? देश के 30 करोड़ परिवारों का बैंक एकाउंट क्यों नहीं खुला? पिछले 70 सालों में 10 करोड़ परिवार जिनके पास गैस कनेक्शन नहीं था, कांग्रेस ने क्यों नहीं दिया? करोड़ों परिवार के घरों में शौचालय नहीं था, कांग्रेस ने क्यों नहीं बनवा दिया? जहां बिजली नहीं थी, ऐसे 19 हजार गांवों में बिजली क्यों नहीं पहुंचाई? यह सब काम मोदी जी के शासनकाल में केवल 4 साल में हो गया, हम जनता को बताएंगे और अपने काम का हिसाब भी देंगे।

Add a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »