देश में कोरोना संक्रमितों की संख्या में गिरावट, 74.40 लाख के पार हुए मरीज

0-24 घंटे में आए 62253 नए मामले, 837 की मौत
नई दिल्ली ,17 अक्टूबर (आरएनएस)। देश में एक बार फिर दैनिक कोरोना वायरस मामलों में गिरावट दर्ज की जा रही है। कोविड-19 के कुल मामले भले ही 74.40 लाख को पार कर गए हैं, लेकिन दैनिक मामलों में गिरावट एक सकारात्मक संकेत है। पिछले 24 घंटे में शुक्रवार को शाम साढ़े छह बजे तक कोरोना के 63,253 मामले दर्ज किए गए। जबकि 837 लोगों की मौत हुई।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक देश में कोरोना को लेकर सबसे राहत की बात यह है कि कोरोना को मात देने वालों क संख्या में कमी आ रही है, यानि अस्पतालों में इलाज करा रहे मरीजों में नौ हजार से ज्यादा लोग एक दिन में ठीक हुए और यह संख्या घटकर अब आठ लाख से कम आंकड़े पर आ गई है। मसलन अब अस्पतालों में सक्रिय मरीजों की संख्या 7,95,440 रह गई है, जबकि देश में कुल संक्रमित मामलों में 65,30,339 लोग कोरोना को मात देकर ठीक हो चुके हैं, जिसमें पिछले 24 घंटे में ठीक हुए 70,580 लोग भी शामिल हैं। देश में अब तक देश में कोरोना संक्रमण 1,13,125 लोगों की जान लील चुका है। इस समय देश में कोरोना के कारण हो रही मृत्यु दर 1.52 फीसदी है।
महाराष्ट्र में ज्यादा मौत
मंत्रालय ने बताया कि स्वस्थ हुए नए लोगों में से 78 फीसदी महाराष्ट्र, कर्नाटक, केरल, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश, उत्तर प्रदेश, दिल्ली, पश्चिम बंगाल, छत्तीसगढ़ और ओडिशा से हैं। मंत्रालय ने बताया कि महाराष्ट्र में अब भी बड़ी संख्या में कोविड-19 के मामले सामने आ रहे हैं। यहां 11 हजार से ज्यादा नए मामले सामने आए हैं और इसके बाद कर्नाटक और केरल में 7,000 से ज्यादा मामले सामने आए हैं। पिछले 24 घंटे में 837 लोगों की मौत हुई है और इनमें से 82 फीसदी मौतें 10 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों- महाराष्ट्र, कर्नाटक, पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, उत्तर प्रदेश, छत्तीसगढ़, पंजाब, आंध्र प्रदेश, मध्य प्रदेश और केरल में हुई हैं। महाराष्ट्र में सबसे ज्यादा 306 लोगों की मौत हुई।
डेढ़ महीने बाद आठ लाख से कम हुए सक्रिय मामले
भारत में पिछले डेढ़ महीने में पहली बार इलाज करा रहे कोविड-19 मरीजों की संख्या आठ लाख से नीचे आई है और यह संख्या देश में कुल मामलों का 10.70 फीसदी है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने शनिवार को बताया कि अभी देश में कोविड-19 के 7,95,440 मरीजों का इलाज चल रहा है। मंत्रालय ने बताया कि इससे पहले कोरोना वायरस से संक्रमित इलाज करा रहे मरीजों की संख्या एक सितंबर को आठ लाख से नीचे थी। मंत्रालय ने बताया कि देश में रोजाना बड़ी संख्या में मरीज कोविड-19 से ठीक हो रहे हैं और इलाज करा रहे मरीजों की संख्या तेजी से कम हो रही है। जबकि देश में अब तक 65,30,339 लोग संक्रमण मुक्त हो चुके हैं। राष्ट्रीय स्तर पर स्वस्थ होने की दर बढ़कर 87.78 फीसदी हो गई है। मंत्रालय ने बताया कि देश में चिकित्सकीय ढांचों में बढ़ोतरी, बचाव नियमों, डॉक्टरों, नर्सों और अग्रिम मोर्चे पर तैनात कर्मियों के समर्पित कार्यों से स्वस्थ होने वाले लोगों की संख्या बढ़ी है और मृत्यु दर में कमी आई है।
००

Add a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »