देश के 70 जिलों में शुरू हुआ दूसरा सीरो सर्वे

नई दिल्ली,03 सितंबर (आरएनएस)। आईसीएमआर के महानिदेशक डॉ. भार्गव ने कहा कि दूसरा सीरो सर्वे पूरे देश में शुरू हो चुका है। यह सर्वे 70 जिलों में किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस सर्वे के परिणाम अगले दो सप्ताह में सामने आ जाएंगे।
देश में कोविड-19 महामारी की स्थिति को लेकर केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय और भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) की ओर से गुरुवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन हुआ। इसमें स्वास्थ्य मंत्रालय के सचिव राजेश भूषण और आईसीएमआर के महानिदेशक डॉ. बलराम भार्गव कोरोना की स्थिति को लेकर जानकारियां दीं।
अब तक चार करोड़ 50 लाख से ज्यादा जांच
भूषण ने बताया कि देश में कोरोना वायरस महामारी से ठीक होने वाले लोगों की संख्या 29.70 लाख से ज्यादा हो गई है। यह संख्या वर्तमान में सक्रिय मामलों से 3.5 गुना ज्यादा है। उन्होंने कहा कि पिछले 24 घंटे में 11 लाख से ज्यादा कोविड-19 जांच हुई हैं। कल एक दिन में सबसे ज्यादा 68,584 मरीज ठीक हुए थे। उन्होंने कहा कि अब तक हमने देश में चार करोड़ 50 लाख से ज्यादा टेस्ट किए हैं। पिछले 24 घंटों में 11 लाख 72 हजार टेस्ट किए गए हैं। रिकवरी मामलों (ठीक होने वाले केस) की संख्या लगभग 29,70,000 हो गई है। रिकवरी मामलों की संख्या सक्रिय मामलों की तुलना में 3.5 गुना अधिक है।
कुल सक्रिय मामलों का 62 फीसदी पांच राज्यों में
स्वास्थ्य मंत्रालय के सचिव ने कहा कि देश के कुल सक्रिय मामलों में से 62 फीसदी मामले पांच राज्यों में हैं। ये राज्य तमिलनाडु, उत्तर प्रदेश, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश और महाराष्ट्र हैं। पाच राज्यों- आंध्र प्रदेश, दिल्ली, कर्नाटक, तमिलनाडु और महाराष्ट्र में कोरोना से होने वाली कुल मौतों में से 70 फीसदी मौत हुई हैं। राजेश भूषण ने कहा कि आंध्र प्रदेश में सक्रिय मामलों की संख्या में 13.7 फीसदी साप्ताहिक कमी आई है। यह दर कर्नाटक में 16.1 फीसदी, महाराष्ट्र में 6.8 फीसदी, तमिलनाडु में 23.9 फीसदी और उत्तर प्रदेश में 17.1 फीसदी है। साप्ताहिक मृत्यु दर में आंध्र प्रदेश में 4.5, महाराष्ट्र में 11.5 और तमिलनाडु में 18.2 फीसदी की कमी आई है।
भारत में प्रति 10 लाख की आबादी पर 49 की मौत
भूषण ने कहा कि देश में प्रति 10 लाख आबादी पर कोविड-19 के मामलों की संख्या अन्य देशों की तुलना में बहुत कम है। भारत प्रति 10 लाख की आबादी पर मौत की सबसे कम दर वाले देशों में है। यहां प्रति 10 लाख की आबादी पर कोरोना मृत्यु दर 49 है। कर्नाटक और दिल्ली में साप्ताहिक मृत्यु ट्रेजेक्टरी में वृद्धि हुई है। दिल्ली में 50 फीसदी और कर्नाटक में करीब 9.6 फीसदी की वृद्धि देखी गई है।
तेलंगाना में 18 फीसदी स्वास्थ्यकर्मी कोरोना संक्रमित
कोरोना से जंग में पहली पंक्ति के कर्मियों में शुमार स्वास्थ्य कर्मियों में कोरोना संक्रमण को लेकर राजेष भूषण ने कहा कि तेलंगाना में स्वास्थ्यकर्मियों में संक्रमण की दर 18 फीसदी है। यह दर महाराष्ट्र में 16 फीसदी, दिल्ली में 14 फीसदी, कर्नाटक में 13 फीसदी, पुडुचेरी में 12 फीसदी और पंजाब में 11 फीसदी है।
बढ़ते मामलों पर दिल्ली को दिए विशेष निर्देश
दिल्ली में कोरोना वायरस के बढ़ते सक्रिय मामलों और मौतों की संख्या को लेकर भूषण ने कहा कि मंत्रालय इसे लेकर दिल्ली सरकार के साथ संपर्क में है। उन्होंने कहा कि हमने उन्हें (दिल्ली सरकार) को कुछ विशेष दिशा-निर्देश दिए हैं, अगर इनका पालन होता है तो मामलों की संख्या को नियंत्रण में लाया जा सकता है।
००

Add a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »