देश में 24.16 लाख के पार पहुंचे कोरोना मरीज, 47 हजार से ज्यादा ने गंवाई जान

0-पिछले 24 घंटे में 55,811 नए मामले, 789 की मौत
नई दिल्ली ,13 अगस्त (आरएनएस)। देश में कोरोना वायरस संक्रमण के मामलों में तेजी लगातार जारी है। गुरुवार को शाम सवा छह बजे तक करीब पिछले 24 घंटे में 55,811 संक्रमित मरीजों के नए मामले आने के बाद देश में यह संख्या बढ़कर 24,16,169 पहुंच गई है, जबकि पिछले 24 घंटे में 789 लोगों की मौत के साथ देश में मरने वालों की संख्या 47,325 हो गई है।
भारत में गुरुवार शाम सवा छह बजे तक के अद्यतन आंकड़े के अनुसार पिछले 24 घंटे में 789 लोगों की मौत होने से मृतकों की संख्या बढ़कर 47,325 हो गई है। देश में संक्रमण के मामले बढ़कर 24,16,169 हो गए हैं, जिनमें से 6,55,457 लोगों का उपचार चल रहा है और 17,12,913 लोग उपचार के बाद इस बीमारी से उबर चुके हैं। आंकड़ों के अनुसार पिछले 24 घंटे में 50,456 मरीजों के स्वस्थ होने के बाद ठीक होने की दर बढ़कर करीब 71 फीसदी हो गई है जबकि मृत्यु दर में गिरावट आई है और यह 1.96 फीसदी है। वहीं 27.27 फीसदी मरीजों का अभी इलाज चल रहा है।
देश में कोरोना संक्रमण से हुई 789 मौतों में से महाराष्ट्र में 344, तमिलनाडु में 119, कर्नाटक में 112, आंध्र प्रदेश में 93, उत्तर प्रदेश और पश्चिम बंगाल में 54-54, पंजाब में 39, गुजरात में 18, मध्यप्रदेश में 15, दिल्ली में 14 और तेलंगाना और राजस्थान में 11-11 लोग शामिल हैं। ओडिशा में नौ, जम्मू कश्मीर में आठ, असम और केरल में छह-छह, छत्तीसगढ़, झारखंड और पुदुचेरी में पांच-पांच, उत्तराखंड में चार, बिहार, गोवा और हरियाणा में तीन-तीन और त्रिपुरा में एक-एक लोगों की मौत हुई।
देश में अबतक संक्रमण से हुई कुल 47,325 मौतों में से महाराष्ट्र में सबसे ज्यादा 18,650, इसके बाद तमिलनाडु में 5,278, दिल्ली में 4,153, कर्नाटक में 3,510, गुजरात में 2,713, आंध्र प्रदेश में 2,296, उत्तर प्रदेश में 2,230, पश्चिम बंगाल में 2,203 और मध्यप्रदेश में 1,048 लोगों की मौत हुई। राजस्थान में 822 , पंजाब में 675, तेलंगाना में 665, हरियाणा में 503, जम्मू-कश्मीर में 498, बिहार में 416, ओडिशा में 305, झारखंड में 197, असम में 161, उत्तराखंड में 140,और केरल में 126 लोगों की मौत हुई। छत्तीसगढ़ में 109, पुदुचेरी में 96, गोवा में 89, त्रिपुरा में 44, चंडीगढ़ में 26, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में 21, हिमाचल प्रदेश में 18, मणिपुर में 12, लद्दाख में नौ, नागालैंड में आठ, मेघालय में छह, अरुणाचल प्रदेश में तीन, दादरा और नगर हवेली और दमन और दीव में दो-दो और सिक्किम में एक व्यक्ति की संक्रमण से मौत हो गई।
एक दिन में 8.30 लाख से ज्यादा नमूनों की जांच
भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) की ओर से जारी आंकड़े के मुताबिक, देशभर में कोरोना के लिए 12 अगस्त 2020 तक 2,68,45,688 नमूनों का परीक्षण किया गया। इनमें से 8,30,391 नमूनों का परीक्षण बुधवार को किया गया, यह अब तक एक दिन में परीक्षण किए गए नमूनों की सर्वाधिक संख्या है। देश में कुल सैंपल जांच का आंकड़ा तीन करोड़ के करीब है। आईसीएमआर के अनुसार देश में अब तक कुल 2,60,15,297 सैंपल की जांच हो चुकी है। इसमें से 7,33,449 सैंपल की जांच मंगलवार को हुई जो सोमवार को हुई कुल जांच की तुलना में 35,519 अधिक है। देश में 1421 लैब में जांच हो रही है जिसमें 944 सरकारी और 477 प्राइवेट हैं।
मध्यप्रदेश में 14 महिला कैदी संक्रमित
मध्यप्रदेश के सिंगरौली से शहडोल जेल में स्थानांतरित की गईं 14 महिला कैदियों में संक्रमण की पुष्टि से हड़कंप मच गया है। सभी को शहडोल मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। वहीं, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बुधवार को बताया कि राज्य में रिकवरी रेट 75 फीसदी है जो राष्ट्रीय औसत से अधिक है। हालांकि, मृत्यु दर 2.54 फीसदी है।
सिद्धारमैया की कोरोना रिपोर्ट निगेटिव
कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धारमैया की कोरोना रिपोर्ट निगेटिव आई है। अस्पताल में ही उन्होंने अपना 72वां जन्मदिन मनाया। बृहस्पतिवार को उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी जाएगी। इधर, गोवा के स्वास्थ्यमंत्री विश्वजीत राणे ने बताया कि राज्य में प्रति दस लाख की आबादी पर 94,773 सैंपल की जांच हो रही है जो देश के सभी राज्यों से अधिक है। गोवा में अब तक 1,53,792 सैंपल की जांच हो चुकी है।
००

Add a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »