देश में पहली बार आए 50 हजार से ज्यादा नए कोरोना मरीज

0-कोरोना मरीजों की संख्या 11.70 लाख के पार
नई दिल्ली , 21 जुलाई (आरएनएस)। वैश्विक कोरोना संकट काल में भारत में मंगलवार का ऐसा पहला दिन रहा, जहां तेजी से बढ़ते संक्रमण के मामलों ने पिछले सभी रिकार्ड ध्वस्त कर दिये, जहां पहली बार 50 हजार से ज्यादा नए मामले आने से देश में कोरोना मरीजों का आंकड़ा बढ़कर 11.70 लाख को पार कर गया है, जिसमें कोरोना संक्रमण से अब तक 28,329 मरीजों की मौत हो चुकी है। पिछले तीन दिन से देश में कोरोना से मरने वालों की संख्या 800 से अधिक दर्ज की जा रही है।
कोविड-19 की भारतीय अधिकृत वेबसाइट पर मंगलवार शाम करीब सात बजे तक देश में कोराना मरीजों की संख्या 11,70,636 तक पंहुच गई, जिनमें एक दिन में पहली बार सामने आए 50,593 नए मरीज शामिल हैं। वहीं पिछले एक दिन में 832 लोगों की मौत के साथ देश में कोरोना संक्रमण की चपेट में आए 28,329 लोग अपनी जान गंवा चुके हैं। हालांकि देश में कुल मरीजों की संख्या में 4,07,242 लोगों का ही उपचार चल रहा है, जबकि 7,34,661 लोग उपचार के बाद संक्रमण से मुक्त हो चुके हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार देश में अब तक 62.72 प्रतिशत से ज्यादा लोग स्वस्थ हो चुके हैं।
सोमवार से मंगलवार शाम तक पिछले एक दिन में हुई 832 लोगों की हुई मौतों में से सबसे ज्यादा 176 लोग महाराष्ट्र, 72 कर्नाटक, 70 तमिलनाडु, 54 आंध्र प्रदेश, 46 उत्तर प्रदेश के हैं। वहीं पश्चिम बंगाल और दिल्ली में 35-35 लोगों की मौत हुई, जबकि गुजरात में 20, मध्यप्रदेश में 17 और जम्मू-कश्मीर में 10 लोगों की मौत हुई है। इसके अलावा राजस्थान में नौ लोगों की, पंजाब में आठ, तेलंगाना में सात, हरियाणा और ओडिशा में छह-छह, झारखंड में चार, उत्तराखंड में तीन, त्रिपुरा और मेघालय में दो-दो तथा असम, गोवा, छत्तीसगढ़, केरल और पुदुचेरी में एक-एक व्यक्ति की मौत हुई है।
सात राज्यों में एक हजार से ज्यादा मौतें
अब तक हुई 28,329 लोगों की मौत में सात राज्य ऐसे हैं जहां एक हजार से ज्यादा मौते हो चुकी है। देश में सर्वाधिक 12,030 लोगों की मौत महाराष्ट्र में हुई है। इसके बाद दिल्ली में 3,663, तमिलनाडु में 2,551, गुजरात में 2,162, कर्नाटक में 1,403, उत्तर प्रदेश में 1,192, पश्चिम बंगाल में 1,147, मध्य प्रदेश में 738 और आंध्र प्रदेश में 696 लोगों की मौत हुई है। राजस्थान में कोविड-19 से अब तक 568 लोगों की, तेलंगाना में 422, हरियाणा में 355, पंजाब में 262, जम्मू-कश्मीर में 254, बिहार में 217, ओडिशा में 97, असम में 58, उत्तराखंड में 55, झारखंड में 53 और केरल में 43 लोगों की मौत हुई है। पुदुचेरी में 29 लोगों की बीमारी से मौत हुई है। वहीं छत्तीसगढ़ में 25, गोवा में 23, चंडीगढ़ में 12, हिमाचल प्रदेश में 11, त्रिपुरा में सात, मेघालय में चार, अरुणाचल प्रदेश में तीन, दादरा और नगर हवेली तथा दमन दीव और लद्दाख में दो-दो लोगों ने इस बीमारी के कारण दम तोड़ा है।
यूपी में 50 हजार का आंकडा पार
कोरोना वायरस संक्रमण के सर्वाधिक 3,18,695 मामले महाराष्ट्र में हैं। दूसरे नंबर पर तमिलनाडु है, जहां 1,75,678 मामले सामने आए हैं और तीसरे नंबर पर दिल्ली है, जहां 1,23,747 मामले सामने आए हैं। इसके बाद कर्नाटक में 67,420, आंध्र प्रदेश में 53,724, उत्तर प्रदेश में 51,160, गुजरात में 49,353 और तेलंगाना में 46,274 मामले हैं। पश्चिम बंगाल में कोविड-19 के मामले बढ़कर 44,679, राजस्थान में 30,390, बिहार में 27,646, हरियाणा में 26,858, असम में 25,382 और मध्यप्रदेश में 23,310 हो गए हैं। ओडिशा में संक्रमित हुए लोगों की संख्या 18,110, जम्मू-कश्मीर में 14,650, केरल में 13,274 और पंजाब में 10,510 है। झारखंड में कुल 5,756 लोग संक्रमण की चपेट में आए हैं। वहीं छत्तीसगढ़ में 5,561, उत्तराखंड में 4,642, गोवा में 3,853, त्रिपुरा में 3,079, पुडुचेरी में 2,092, मणिपुर में 1,925, हिमाचल प्रदेश में 1,631 और लद्दाख में 1,195 लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई है। नगालैंड में कोविड-19 के 1,021 मामले, अरुणाचल प्रदेश में 790, चंडीगढ़ में 737 और दादरा एवं नगर हवेली तथा दमन और दीव में कुल 684 मामले हैं। मेघालय से 466 और सिक्किम से 305 मामले सामने आए हैं। मिजोरम में अब तक कुल 297 लोग संक्रमित हुए हैं, जबकि अंडमान और निकोबार द्वीपसमूह में 207 मामले हैं।
एक दिन में 3.33 लाख से ज्यादा नमूनों की जांच
अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) की ओर से जारी आंकड़े के मुताबिक, देशभर में 20 जुलाई तक कोरोना के लिए 1,43,81,303 नमूनों का परीक्षण किया गया। इनमें से 3,33,395 का परीक्षण पिछले 24 घंटे में किया गया। हालांकि आंकड़े पर गौर करें तो पिछले दो दिनों में जांच में कुछ कमी आई है।
मृत्यु दर में 2.43 फीसदी तक की गिरावट: स्वास्थ्य मंत्रालय
कोविड-19 मामलों की मृत्यु दर में 2.43 फीसदी तक की गिरावट, प्रभावी क्लीनिकल प्रबंधन के कारण मृत्यु दर में कमी आई है। स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार भारत के 30 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में पॉजिटिविटी रेट राष्ट्रीय पॉजिटिविटी रेट की तुलना में कम हैं। मसलन देश में पॉजिटिविटी रेट 8.07 फीसदी है। भारत में आज भी 10 लाख जनसंख्या पर कोरोना मामलों की संख्या 837 है जो विश्व के बड़े देशों की तुलना में काफी कम है, कुछ देश तो ऐसे हैं जहां भारत की तुलना में प्रति 10 लाख जनसंख्या पर 12 या 13 गुणा मामले हैं। वहीं दिल्ली के 11 जिलों में से आठ में सीरो प्रिविलेंस 20 फीसदी से ज्यादा है। इनमें सबसे ज्यादा सेंट्रल, नॉर्थ ईस्ट, नॉर्थ और शाहदरा जिले में 27 फीसदी आबादी में वायरस का प्रसार हो चुका है।
००

Add a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »