पीएम मोदी ने ओमान के सुल्तान कबूस बिन सैद अल सैद के निधन पर शोक प्रकट किया

नईदिल्ली,11 जनवरी (आरएनएस)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने ओमान के सुल्तान कबूस बिन सैद अल सैद के निधन पर गहरा दुख प्रकट किया है। उन्होंने अपने शोक संदेश में कहा, मुझे महामहिम सुल्तान कबूस बिन सैद अल सैद के निधन के बारे में जानकर गहरा दुख पहुंचा है। वह दूरदर्शी नेता और राजनेता थे जिन्होंने ओमान को आधुनिक और समृद्ध राष्ट्र में परिवर्तित करने में अहम भूमिका निभाई। वह हमारे क्षेत्र और विश्व के लिए शान्ति के अग्रदूत थे। वह 79 वर्ष के थे।
सुल्तान कबूस भारत के सच्चे मित्र थे और उन्होंने भारत और ओमान के बीच जीवन्त सामरिक साझेदारी विकसित करने की दिशा में सशक्त नेतृत्व प्रदान किया। मैं उनकी ओर से मिले सौहार्द और प्रेम की स्मृतियों को सदैव संजोकर रखूंगा। ईश्वर उनकी आत्मा को शान्ति प्रदान करें।
बता दें कि सुल्तान काबूस का जन्म 18 नवंबर 1940 को सलालाह में हुआ था। वह अल बू सईद वंश के वंशज थे। बताया जाता है कि सुल्तान काबूस की पढ़ाई भारत और सैंडहर्स्ट की रॉयल मिलिट्री एकेडमी में हुई थी। सईद ने 1970 में अपने पिता सईद बिन तैमूर का तख्तापलट कर ओमान की बागडोर अपने हाथ में ली थी। पांच साल के शासन में सईद ने ओमान को गरीबी से निकालकर विकास की पटरी पर लाकर खड़ा कर दिया। सईद ने तेल के भंडारों के जरिए खाड़ी में अपना अलग मुकाम बनाया और दुनिया भर के देशों के साथ आपसी रिश्ते मजबूत किए।
००

Add a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »