(महत्वपूर्ण)(नईदिल्ली)सेनाध्यक्ष बिपिन रावत के संपर्क में रक्षा मंत्री राजनाथ

नई दिल्ली,20 अक्टूबर (आरएनएस)। जम्मू कश्मीर के तंगधार सेक्टर में रविवार को पाकिस्तानी सेना ने संघर्ष विराम का उल्लंघन कर आतंकियों को घुसपैठ कराने की नापाक कोशिश करने के प्रयास को भारतीय सेना द्वारा दिये गये करारा जवाब के बाद रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने सेनाध्यक्ष जनरल बिपिन रावत से घाटी की परिस्थिति को लेकर बातचीत की है। रक्षा मंत्री व्यक्तिगत तौर पर स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। उन्होंने सेनाध्यक्ष से कहा है कि वह उन्हें अपडेट करते रहें। यह जानकारी सूत्रों के हवाले से दी गई है।
गौरतलब है कि पाकिस्तान द्वारा संघर्षविराम का उल्लंघन करने के बाद भारतीय सेना ने उसे जवाबी कार्रवाई की। सेना ने पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (पीओके) स्थित नीलम घाटी इलाके में आतंकियों के चार लॉन्चिंग पैड को निशाना बनाया और नष्ट कर दिया। बताया जा रहा कि भारतीय सेना की इस कार्रवाई में पाकिस्तान को काफी नुकसान हुआ है। पाकिस्तान के 4-5 सैनिक मारे गए हैं और कई घायल हुए हैं। सेना ने आतंकी कैंपों को निशाना बनाने के लिए आर्टिलरी गन का इस्तेमाल किया। रविवार को कुपवाड़ा जिले के तंगधार सेक्टर के गुंडी गुजरा में पाकिस्तानी सेना ने रात दस से सुबह चार बजे तक गोलीबारी की। जिसमें सेना के दो जवान शहीद हो गए। इसके अलावा एक नागरिक की मौत हो गई और तीन घायल हैं। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पाकिस्तान की तरफ से हुई भारी गोलीबारी में मकानों को नुकसान भी हुआ है। इससे पहले उत्तरी कश्मीर के बारामुला जिले में आतंकियों ने शनिवार को एक बार फिर लोगों में दहशत फैलाने का प्रयास किया। मुख्य बाजार में एक दुकानदार को निशाना बनाकर गोलियां चलाईं, लेकिन वह बच निकला। घटना के बाद पूरे इलाके में सर्च ऑपरेशन चलाया गया।
राजनाथ सिंह की उपराष्ट्रपति नायडू से भेंट
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने रविवार को उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू से उनके आवास पर शिष्टाचार भेंट की। नायडू ने सिंह से अपनी मुलाकात की तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा करते हुये इसकी जानकारी दी। उपराष्ट्रपति कार्यालय के एक अधिकारी ने बताया कि रक्षा मंत्री ने नायडू को दीवाली की शुभकामनायें दीं। लगभग एक घंटे की मुलाकात के दौरान दोनों नेताओं ने राष्ट्रीय महत्व के तमाम विषयों पर विचार विमर्श भी किया।
००

Add a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »