अच्छे दिन का नारा भूल अब सहयोगियों के पैर पकड़ रहे मोदी: भूपेश बघेल

रांची, 27 अप्रैल (आरएनएस)। झारखंड में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कांग्रेस प्रत्याशी सुबोधकांत सहाय के पक्ष में प्रचार करने सभाएं ली। रघुनाथपुर इचागढ़, पतरातू मैदान सिली और आंचल मैदान ओरामांझी में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि अब पूरे देश में परिवर्तन की लहर गूंज रही है। लोकसभा चुनाव के प्रचार के दौरान अब प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी अच्छे दिन की कहानी गढऩा भूल गए हैं। वाराणसी में नामांकन दाखिल करने के पूर्व शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधन कमेटी के अध्यक्ष एवं पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल के नरेन्द्र मोदी द्वारा चरण वंदना किए जाने को लेकर टिप्पणी करते हुए कहा कि उनकी हालत इतनी खराब हो गई है अब सहयोगियों के पैर पकडऩे लगे हैं। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार के पांच वर्ष के कार्यकाल में मंहगाई और भ्रष्टाचार का बोलबाला रहा है। वे अब अपने भाषणों में अच्छे दिन का नारा भी नहीं लगाते हैं। उन्होंने छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की सरकार आते ही सौ दिनों के भीतर किए गए विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि कांग्रेस ने अपने वादे के अनुरुप किसानों का कर्जा माफ किया। धान की खरीदी 2500 रु प्रति क्विंटल की। किसानों को पर्याप्त बोनस दिया गया। उन्होंने झारखंड में कांग्रेस प्रत्याशियों को प्रचंड बहुमत से विजयी बनाने की अपील की। उन्होंने पत्रवार्ता को भी संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने पूरे देश में मोदी और भाजपा विरोधी लहर होने की बात कही। पत्रवार्ता में कांग्रेस प्रत्याशी सुबोधकांत सहाय, प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार एवं झारखंड के नेता प्रतिपक्ष आलमगीर आलम एवं अजयनाथ सहदेव भी मौजूद थे।

Add a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »