राजधानी समेत उत्तर और मध्य भारत में शीतलहर तेज

नई दिल्ली ,31 दिसंबर (आरएनएस)। यूपी, बिहार, दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान समेत पूरा उत्तर भारत कड़ाके की ठंड की चपेट में है। दिल्ली-एनसीआर में कुछ जगहों पर न्यूनतम तापमान 1 डिग्री सेल्सियस से भी नीचे पहुंच चुका है। इसी तरह, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, ओडिशा और महाराष्ट्र समेत मध्य भारत भीषण शीतलहर की चपेट में है। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक मध्य प्रदेश के रायसेन जिले में 35 साल के एक शख्स की ठंड से मौत हो गई। मृतक की पहचान सुल्तानपुर इलाके के किसान कमल किशोर के रूप में हुई है। बताया जाता है कि वह शराब के नशे में अपने घर के बाहर सोया हुआ था। रविवार को उसके परिवार के सदस्य उसे अस्पताल ले गए लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

उत्तर भारत में शीतलहर तेज हो चुकी है। लोग अपने घरों से बाहर निकलने से बच रहे हैं। जगह-जगह अलाव का सहारा लेकर लोग ठंड को मात देने की कोशिश कर रहे हैं। सबसे ज्यादा दिक्कत खुले आसमान के नीचे रहने वाले बेघरों के लिए है। हालांकि, तमाम जगहों पर प्रशासन ने रैनबसेरों का इंतजाम किया है। शीतलहर तेज होने की वजह से दिल्ली में बेघर लोगों ने रैनबसेरों में शरण ली है। दिल्ली और एनसीआर इस बार सर्दी में हर रेकॉर्ड तोड़ रहा है। रविवार को गुरुग्राम का न्यूनतम तापमान महज 0.4 डिग्री रहा। यह भीलवाड़ा से ठंडा है, जहां का तापमान महज 0.6 डिग्री है।

Add a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »